इकाना स्टेडियम में कुछ घंटे बाद पंजाब किंग्स (PBKS) का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) से होगा। मैच लाल मिट्टी की पिच पर शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। पंजाब के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा है। मैच को देखने के लिए दर्शक आने शुरू हो गए हैं। चेन्नई के फैंस भी मैच देखने पहुंचे हैं। उन्होंने पोस्टर पर लिखा- वी आर ओनली थाला फैंस। LSG के फैंस नवाबी ड्रेस पहनकर आए। पोस्टर पर लिखा-नवाब ऑफ लखनऊ ऋषभ पंत। एक फैन तो मैच देखने के लिए लोगों से डोनेशन मांगता नजर आया। पंजाब को लखनऊ के खिलाफ जीत के बाद रविवार के अन्य मैचों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा। दूसरी तरफ, लखनऊ पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। लेकिन, इकाना में हुए पिछले 2 मैच वह लगातार जीत चुकी है। यह मैच जीतकर सम्मान की विदाई के साथ इकाना में जीत की हैट्रिक भी लगाना चाहेगी। लखनऊ के लिए सबसे बड़ी राहत मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस की शानदार फॉर्म है। पिछले मैच में दोनों ने 8.2 ओवरों में 109 रन की साझेदारी की थी। निकोलस पूरन पिछले 4 मैचों में केवल 87 रन बना सके हैं और फॉर्म में वापसी करना चाहेंगे। कप्तान ऋषभ पंत के बल्ले से इस सीजन केवल एक अर्धशतक निकला है। पंत आखिरी मैच में बड़ी पारी खेलकर सीजन खत्म करना चाहेंगे। गेंदबाजी में यह देखना दिलचस्प होगा कि मोहम्मद शमी की टीम में वापसी होती है या नहीं। मिचेल मार्श 13 मैचों में 563 रन बनाकर टीम के टॉप रन स्कोरर हैं। प्रिंस यादव 13 मैचों में 16 विकेट लेकर टॉप विकेट टेकर हैं। 4 तस्वीरें देखिए… लाइव अपडेट्स के लिए ब्लॉग से गुजर जाएं…
LSG फैंस नवाबी ड्रेस पहनकर मैच देखने आए:पोस्टर पर लिखा- नवाब ऑफ लखनऊ ऋषभ पंत, चेन्नई फैंस बोले-वी आर ओनली थाला फैंस
