करनाल जिले के घरौंडा ब्लॉक के एक गांव से नाबालिग लड़की को भगाकर शादी करने वाला युवक आखिरकार लड़की के परिजनों के हत्थे चढ़ गया। पानीपत के जीटी रोड किनारे परिजनों ने दोनों को पकड़ लिया और गुस्से में आकर जमकर पिटाई कर दी। मौके पर प्रेमी पिटता रहा, जबकि प्रेमिका रोती रही और चिल्लाती रही कि वह मर जाएगी। बाद में युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया। जानकारी के अनुसार 23 वर्षीय युवक करीब 6 महीने पहले पास के गांव की 15 वर्षीय लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। दोनों के अचानक गायब होने के बाद लड़की के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दी थी और लगातार उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं लग पाया था। मंदिर में कर ली थी शादी परिजनों के मुताबिक, युवक उनके ही पास के गांव में रहता था और गन्ने की खरीद के लिए अक्सर उनके गांव आता था। इसी दौरान उसने लड़की को अपने जाल में फंसा लिया। युवक और लड़की दोनों ने पानीपत के एक मंदिर में शादी कर ली थी और पिछले 6 महीने से साथ रह रहे थे। इंस्टाग्राम कॉल से मिला सुराग लड़की की मां ने बताया कि हाल ही में उसकी बेटी ने इंस्टाग्राम पर कॉल किया था। इस बारे में पुलिस को भी जानकारी दी गई थी। पुलिस ने उन्हें फोन पर संपर्क बनाए रखने की सलाह दी थी। मां ने बताया कि लड़की ने मिलने की इच्छा जताई, जिसके बाद उसे पानीपत बुलाया गया। बाइक पर घूम रहे थे दोनों मां के बुलाने पर जब लड़की पानीपत पहुंची, तो वह युवक के साथ बाइक पर घूम रही थी। इसी दौरान परिजनों ने दोनों को देख लिया और तुरंत पकड़ लिया। गुस्साए परिजनों ने मौके पर ही दोनों की पिटाई कर दी। युवक को पीटता देखते रहे लोग घटना के दौरान हाईवे पर काफी संख्या में लोग जमा हो गए। कई लोग मोबाइल से वीडियो बनाते रहे, लेकिन किसी ने बीच-बचाव की कोशिश नहीं की। युवक सड़क पर पिटता रहा और युवती परिवार वालों से उसे छोड़ने की अपील करती रही। इसी दौरान सड़क पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और जाम की स्थिति बन गई। प्रेमी बोला- मैंने मना किया था वहीं युवक का कहना है कि उसने लड़की को अपने साथ आने से मना किया था, लेकिन वह नहीं मानी। युवक ने बताया कि दोनों ने अपनी मर्जी से मंदिर में शादी की थी। फिलहाल परिजनों ने लड़की को अपने साथ ले लिया है, जबकि युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
पानीपत में प्रेमी जोड़े की सड़क पर जमकर धुनाई:6 महीने पहले दोनों हुए थे फरार, मंदिर में की शादी; इंस्टाग्राम कॉल से फंसे
