यमुनानगर जिले की जगाधरी और रादौर अनाज मंडी में आज बुधवार को फिर से गेट पास जारी न होने से नाराज किसानों ने जिला सचिवालय और रादौर मंडी के बाहर जाम लगा दिया। इस दौरान जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच बहसबाजी भी हुई। किसानों ने लघु सचिवालय के बाहर सड़क पर ट्रैक्टर ट्रॉली खड़ी कर दी, जिससे सड़क पर वाहनों की कतारें लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया। प्रशासन द्वारा जगाधरी और रादौर में मैनुअल तरीके से गेट पास जारी करने का आश्वासन दिए जाने के बाद किसानों ने जाम खोल दिए। सुबह से मंडी के बाहर कर रहे थे इंतजार जानकारी के अनुसार, तकनीकी खामियों के चलते अनाज मंडी में गेट पास जारी नहीं हो पा रहे थे, जिससे किसानों की फसल मंडी में ही अटकी हुई थी। सुबह से इंतजार कर रहे किसानों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने सचिवालय के बाहर जाम लगाकर प्रद र्शन शुरू कर दिया। किसान जगदीप सिंह, राजेश और हरप्रीत का कहना है कि गेट पास न बनने से उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है और उनकी उपज समय पर नहीं बिक पा रही। पहले तो किसानों को बारिश ने परेशान किया अब सरकार की नीतियां लगातार उनकी नाक में दम कर रही हैं। स्थायी समाधान न होने पर फिर होगा आंदोलन किसान मनिंदर सिंह ने बताया कि वह सुबह से मंडी में अपनी फसल लेकर खड़ा है, लेकिन गेट पास नहीं बन रहा था, जिससे उनकी फसल अटकी हुई थी। मजबूरी के चलते किसानों को यह जाम लगाया पड़ा है। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों को स्थिति जल्द सुधारने का भरोसा दिलाया। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि समस्या के समाधान तक अस्थायी रूप से मैनुअल गेट पास जारी किए जाएंगे, ताकि किसानों को राहत मिल सके। इसके बाद किसानों ने प्रदर्शन समाप्त कर जाम खोल दिया। हालांकि किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे फिर से आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
यमुनानगर में गेट पास न कटने पर किसानों का हंगामा:मंडियों के बाहर लगाया जाम, पुलिस के साथ हुई बहसबाजी, आंदोलन की चेतावनी
