रोहतक में सीएम सैनी का राहुल गांधी पर हमला:बोले- नारी शक्ति के चीरहरण का प्रयास, की जा रही अटकाओ- लटकाओ और भटकाओ की राजनीति

Spread the love

रोहतक में हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के विकास में सरकार कोई भी योजना लेकर आती है तो कांग्रेस हर उस चीज का विरोध करती आई है। कांग्रेस और राहुल गांधी ने हमेशा अटकाओ, लटकाओ व भटकाओ की राजनीति की है। सीएम नायब सैनी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन बिल को गिराकर कांग्रेस ने लोकतंत्र की मर्यादा को तार तार किया है। आज मेरे अंदर पीड़ा है, क्योंकि कांग्रेस ने महिलाओं के सम्मान को कुचलने का काम किया है। देश की सबसे बड़ी पंचायत संसद में नारी शक्ति का चीर हरण करने का काम किया है। सीएम ने कहा कि संसद में आज के दुर्योधन व दुशासन नारी शक्ति वंदन बिल को रोकने का कितना भी प्रयास कर लें, लेकिन नरेंद्र मोदी जैसे भीष्म को नहीं रोक पाएंगे। कांग्रेस के पास ना नीति है, ना नीयत और ना ही नेतृत्व है। लेकिन भाजपा का संकल्प है कि नारी सम्मान, नारी अधिकार व नारी नेतृत्व। बिल रोक कर कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन मना रहा जश्न सीएम नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस महिला आरक्षण बिल को रोक कर जश्न मना रही है। कांग्रेस की नकारात्मक व विकास विरोधी राजनीति देश के सामने आ गई है। कांग्रेस ने हमेशा देश को आगे बढ़ाने वाली चीजों का विरोध किया। देश की महिलाओं पर कांग्रेस राजनीति कर रही है, जिसे महिला कभी माफ नहीं करेगी। कांग्रेस को डर है कि महिला सशक्त हो गई तो उनकी राजनीति खत्म हो जाएगी। 2029 में कांग्रेस का होगा सुपड़ा साफ सीएम नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस व विपक्षी पार्टियां पीएम नरेंद्र मोदी को गाली देने का काम करते हैं, लेकिन कम से कम महिलाओं को तो अपमानित ना करते। राहुल गांधी ने महिलाओं के सम्मान से मजाक किया है। 2029 में कांग्रेस का सुपड़ा साफ होगा और कांग्रेस कहीं दिखाई नहीं देगी। देश की 142 सीटों में जनसंख्या 20 लाख से अधिक सीएम नायब सैनी ने कहा कि देश की 142 लोकसभा सीटों पर जनसंख्या 20 लाख से अधिक हो गई है। इसलिए आज परीसिमन की जरूरत है, जिससे लोकसभा की सीट बढ़कर 850 हो जाएं। लेकिन कांग्रेस ने महिलाओं के साथ धोखा किया, महिलाओं को अपमानित किया। कांग्रेस झूठ फैलाने में लगी हुई है। सुबह उठते ही दिल्ली से एक झूठ ट्रक भरकर चलता है जो पूरे देश में जाता है। कांग्रेस के पल्ले नहीं बचा कुछ सीएम नायब सैनी ने कहा कि संविधान की किताब को राहुल गांधी अपने साथ लेकर घूम रहे थे, लोगों में झूठ फैलाया कि संविधान को खतरा है। खतरा संविधान को नहीं, बल्कि खतरा तो कांग्रेस को है। कांग्रेस के पल्ले कुछ नहीं बचा। महिलाओं का सम्मान कांग्रेस ने नहीं किया, इसलिए उनकी हालत खराब होने वाली है। महिलाओं को मिलने वाले सम्मान में अटकाए रोड़े सीएम नायब सैनी ने कहा कि कांग्रे ने महिलाओं को मिलने वाले सम्मान में रोड़े अटकाने का काम किया। इंडी गठबंधन ने लोगों से विश्वासघात किया है। महिलाओं के आरक्षण से क्यों विपक्ष इतना डरा हुआ है। कांग्रेस ने कभी ओबीसी आयोग नहीं बनाया। कांग्रेस ने वर्षों तक महिला आरक्षण के नाम पर दिखावा किया। सीएम ने कहा कि विपक्ष का महिला विरोधी चेहरा सामने आया है। महिला शक्ति वंदन अधिनियम के खिलाफ झूठ व भ्रम फैलाने का काम कांग्रेस ने किया। कांग्रेस अब खत्म हो चुकी है। कांग्रेस को कैसे बचाया जाए, परिवार को कैसे बचाए, इस बारे में कांग्रेस के लोग सोच रहे हैं। पीएम ने परिसीमन से बिल को अलग किया सीएम नायब सैनी ने कहा कि जनगणना व परिसीमन के बाद ही नारी शक्ति वंदन अधिनियम लागू होना था। महिलाओं को सशक्त अधिकार देने थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निर्णय लिया कि परिसीमन से इस बिल को अलग किया जाए। महिलाओं की भागेदारी कोई दया नहीं है, ये उनका अधिकार है। कांग्रेस तो वोट लेने के समय कोई ना कोई समिति बना देते थे, जो बाद में डस्टबिन में चली जाती थी। कांग्रेस ने महिलाओं के सम्मान में नहीं किया कोई काम सीएम नायब सैनी ने कहा कि वह भारी मन से बात कर रहे हैं। कांग्रेस को 55 साल तक महिलाओं ने वोट देकर सत्ता में बैठाया, लेकिन आज उन्हीं महिलाओं के सम्मान में ही बिल लाया गया, उसे पास होने नहीं दिया। कांग्रेस बताए कि महिलाओं के सम्मान में आज तक क्या काम किया। सीएम ने कहा कि ये विरोध विपक्षी गठबंधन ने बिल का नहीं किया, बल्कि नारी के सम्मान को ठेस पहुंचाने का काम किया है। संसद में जो कुछ हुआ, वह अलोकतांत्रिक था। आधी आबादी के भविष्य पर कांग्रेस ने बड़ा प्रहार किया है। देश के सामने कांग्रेस का असली चेहरा उजागर हो गया है।