लखीमपुर में महिला को घर से खींच ले गया तेंदुआ:आधी गर्दन खाई, 50 मीटर दूर मिला शव; शोर मचाने पर लाश छोड़कर भागा

Spread the love

लखीमपुर खीरी में तेंदुए ने महिला को मार डाला। शनिवार देर रात महिला घर के बाहर चारपाई पर सो रही थी, तभी तेंदुए ने हमला कर दिया। महिला की गर्दन को अपने जबड़े में दबोचकर भागने लगा। महिला की चीख सुनकर पति और ग्रामीणों ने लाठी-डंडे लेकर पीछा किया, लेकिन तेंदुआ महिला को लेकर भाग निकला। आधे घंटे बाद महिला का शव घर से 50 मीटर दूर खेत में मिला। तेंदुआ महिला की गर्दन बुरी तरह खा चुका था। घटना के बाद गुस्साए परिजनों शव रखकर धरने पर बैठ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने कोशिश की तो परजनों ने शव ले जाने नहीं दिया। कहा गा कि जब तक तेंदुए को पकड़ा नहीं जाएगा, तब तक शव पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा जाएगा। हालांकि, बाद में अफसरों ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। पूरा मामला सिंगाही थाना क्षेत्र का है। देखिए तस्वीरें… अब जानिए पूरा मामला चारपाई पर सोते वक्त किया हमला साहिंजना गांव के रहने वाले माता प्रसाद (35) किसानी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उन्होंने बताया- शनिवार रात मैं घर के पास बने बंगले (कुश का घर) में मिट्टी पटाई का काम कर रहा था। पत्नी संध्या देवी (32) बेटे गोलू (3) को खाना खिलाकर घर के बाहर चारपाई पर मच्छरदानी लगाकर सोने चली गईं। परिवार के लोग घर के अंदर मौजूद थे। तभी अचानक तेंदुआ आया और उनकी पत्नी को चारपाई से घसीटकर ले गया। मैं और ग्रामीण शोर मचाते हुए पीछे दौड़े, तेंदुआ नहीं रुका। कुछ ही पलों में वह अंधेरे में गायब हो गया।इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और ग्रामीण ने पत्नी को खोजबीन शुरू की। काफी देर तक खेतों, मेड़ों और आसपास की झाड़ियों में सर्च ऑपरेशन चला। करीब आधे घंटे बाद पत्नी का शव खेत में पड़ा मिला। शव रखकर किया प्रदर्शन महिला की मौत से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने महिला का शव मौके पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने वन विभाग और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप था कि इलाके में पहले से तेंदुए की हलचल की जानकारी देने के बावजूद समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। उत्तर निघासन वन रेंज के रेंजर भूपेंद्र सिंह जब घटनास्थल पर पहुंचे तो आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम को दौड़ा लिया। हालात बिगड़ते देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षा घेरा बनाकर रेंजर को सुरक्षित बाहर निकाला। रेंजर को दौड़ाया, पुलिस ने बचाया
वन विभाग के एसडीओ मनोज तिवारी ने बताया- तेंदुए के हमले में महिला की मौत हुई है। रेंज स्टाफ मौके पर तैनात है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। तेंदुए को पकड़ने के लिए जल्द पिंजरा लगाया जाएगा।
गांव छावनी में तब्दील हंगामे के बाद गांव छावनी में तब्दील हो गया। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एहतियातन निघासन, सिंगाही, तिकुनिया, पढ़ुआ समेत पांच थानों की पुलिस गांव में लगाई गई है। पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। सिंगाही थाना प्रभारी दिलीप कुमार चौबे ने बताया कि तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए अतिरिक्त फोर्स बुलाकर तैनात की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। एसडीएम राजीव निगम मौके पर पहुंचे स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम राजीव निगम और सीओ शिवम कुमार भी मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने की कोशिश की। अधिकारियों ने परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया, साथ ही पुलिस और वन विभाग को जरूरी निर्देश भी दिए।

एक महीने में तीन की जान ले चुका तेंदुआ ग्रामीणों के अनुसार, अब तक तेंदुए के हमलों में दो मासूम बच्चों समेत तीन लोगों की जान जा चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीण रात में घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं। लोग खेतों में काम करने और बच्चों को अकेले बाहर भेजने से भी घबराने लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार सूचना देने के बावजूद वन विभाग ने समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की, जिसके कारण तेंदुए के हमले लगातार बढ़ते गए। 25 मार्च की घटना सिंगाही थाना क्षेत्र के फुटहा फार्म में शाम करीब 7 बजे किसान जोगा सिंह की सात वर्षीय बेटी सिमरन घर में रोटी खा रही थी। तभी तेंदुआ घर में घुस आया और बच्ची की गर्दन दबोचकर करीब 200 मीटर दूर खेत में ले गया। परिजनों के शोर मचाने पर तेंदुआ बच्ची को छोड़कर भाग गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। 18 अप्रैल की घटना निबौरिया गांव के पास नया पुरवा निवासी उम्मेद अली अपनी पत्नी के साथ खेत में गेहूं काट रहे थे। इसी दौरान पास में खेल रहे उनके चार वर्षीय बेटे दिलशाद को तेंदुआ आंखों के सामने उठाकर ले गया। देर रात करीब 1 बजे बच्चे का अधखाया शव मिला। अब महिला की मौत के बाद ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश है और लोग तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग कर रहे हैं। ————————————— ये खबर भी पढ़ें… बेटी की शादी कराके लौट रहे मां-बाप-भाई की मौत:दो ड्राइवर, पालतू कुत्ते की भी जान गई; मऊ में ट्रेलर से टकराई स्कॉर्पियो यूपी के मऊ में शनिवार तड़के भीषण सड़क हादसे में मां-बाप-भाई समेत 5 लोगों की मौत हो गई। परिवार रांची में बेटी की शादी कराके स्कॉपियो से गोरखपुर लौट रहा था। तड़के 3 बजे हाईवे पर अचानक स्कॉर्पियो बेकाबू हो गई। डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में चली गई। सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। पढ़ें पूरी खबर