गुरुग्राम के सेक्टर 56 में रहने वाले सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर और बिग बॉस OTT-2 विजेता एल्विश यादव से 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। विदेशी नंबर से रंगदारी का धमकी भरा मैसेज एल्विश यादव और उनके पिता राम अवतार यादव को भेजा गया। जिसमें गैंगस्टर ने दो दिन में रुपए न देने पर गोली मारने की धमकी दी है। इस मामले की सूचना सेक्टर-56 थाना में दी गई। जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि इस बारे में जब एल्विश यादव के पिता रामअवतार यादव से बात की गई तो उन्होंने बताया कि एल्विश मेहनती लड़का है और अपनी मेहनत के बलबूते इस मुकाम पर पहुंचा है। गुरुग्राम में हजारों करोड़ रुपए के लोग रहते हैं, ऐसे तो कोई भी किसी से धमकी देकर पैसों की डिमांड कर लेगा। मेरे को इस बारे में जानकारी नहीं है। एल्विश ने इस तरह की बातें मेरे से शेयर नहीं की है। इसलिए फिलहाल मैं इस बारे में कोई जानकारी नहीं दे पाऊंगा। पुलिस ही पुष्टि कर सकती है। विदेशी नंबर से व्हाट्सएप मैसेज मिला पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शिकायत में एल्विश यादव ने अपनी शिकायत में बताया कि 5 मई को उनके पास विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई थी। यह कॉल वह उठा नहीं पाए। इसके कुछ देर बाद उन्हें विदेशी नंबर से ही एक व्हाट्सएप मैसेज प्राप्त हुआ। लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नजदीकी बताया मैसेज करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नजदीकी रणदीप मलिक बताया और उनसे 10 करोड़ रुपए देने की मांग की। यह राशि दो दिन के अंदर देने के लिए कहा गया है। ऐसा न करने पर गोली मारने की धमकी दी गई। क्राइम ब्रांच मामले की जांच कर रही पुलिस के मुताबिक, मामले को जांच अपराध शाखा को सौंपी गई है। मामले की जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि यह कॉल कहां से की गई है। पिछले साल हुई थी घर पर फायरिंग 17 अगस्त 2025 को एल्विश यादव के घर पर तीन बाइक पर आए बदमाशों द्वारा करीब दो दर्जन राउंड फायरिंग की गई थी। इस मामले में सेक्टर-56 थाना पुलिस ने केस दर्ज किया था। उस वक्त अंधाधुंध एक दर्जन से ज्यादा राउंड फायरिंग की गई थी। कई आरोपी गिरफ्तार हो चुके फायरिंग मामले में कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा फरीदाबाद ने इशांत नामक युवक को गिरफ्तार किया था। इसके बाद 23 अगस्त 2025 को अपराध शाखा सेक्टर-40 ने एक आरोपी पर्वतीय कॉलोनी फरीदाबाद निवासी जतिन (24) को गुड़गांव फरीदाबाद रोड से गिरफ्तार किया था। मामले में वांछित आरोपी फरीदाबाद निवासी गौरव व आदित्य को दिल्ली रोहिणी की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया था। मामले की जांच की जा रही थी कि अब एल्विश यादव को रंगदारी मांगने का यह मैसेज मिला है। फिलहाल पुलिस हर ऐंगल से जांच कर रही है।
गुरुग्राम में एल्विश यादव से मांगी 10 करोड़ की रंगदारी:ना देने पर गोली मारने की धमकी, आरोपी ने खुद को बताया गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग नजदीकी
