हिसार की महिला ने CIA इंचार्ज पर लगाए आरोप, VIDEO:बोलीं- जेल में पति को धमकाया, 3 साल से कोर्ट के चक्कर काट रही

Spread the love

पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का काफिला रोकने के मामले में चर्चा में आए हिसार सीआईए (CIA) इंचार्ज पवन कुमार अब अपनों के ही आरोपों के घेरे में घिरते नजर आ रहे हैं। फतेहाबाद के बाद अब हिसार के उकलाना क्षेत्र के गांव बुड्ढाखेड़ा की एक महिला ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर इंस्पेक्टर पवन कुमार पर प्रताड़ना, हत्या और उगाही जैसे संगीन आरोप लगाए हैं। महिला ने यहां तक कहा कि यह वीडियो बनाने के बाद उनकी जान को खतरा हो सकता है। वायरल वीडियो में महिला भावुक और डरी हुई नजर आ रही है। उन्होंने सीधे तौर पर इंस्पेक्टर पवन कुमार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा- “मैं नहीं चाहती कि कोई और इस इंस्पेक्टर के अत्याचार का शिकार बने। पवन की वजह से ही आज हरपाल का बच्चा अनाथ है, उसने हरपाल की हत्या कर दी थी। हालांकि इस वायरल वीडियो पर इंस्पेक्टर पवन कुमार का कहना है कि उनके ऊपर लगाए गए आरोप बेबुनियाद है। इसमें किसी तरह की सच्चाई नहीं है। जानिए महिला ने इंस्पेक्टर पर किस तरह के आरोप लगाए… जेल में जाकर पति को धमकी दी : महिला का आरोप है कि पवन कुमार ने उनके पति रमेश कुमार को जेल के अंदर जाकर धमकी दी थी। महिला के अनुसार, “पवन ने रमेश से कहा था कि मुकदमा वापस ले लो, वरना तुम्हारी बीवी और बच्चों को भी झूठे केस में अंदर कर दूंगा। महिला ने दावा किया कि उन्होंने आरटीआई (RTI) के जरिए पुख्ता सबूत जुटाए हैं कि इंस्पेक्टर बिना किसी आधिकारिक रिकॉर्ड के जेल में उनके पति को धमकाने पहुंचा था। 3 साल से कोर्ट के चक्कर काट रही हूं : पीड़ित महिला का कहना है कि वह पिछले तीन सालों से न्याय के लिए कोर्ट के चक्कर काट रही हैं। उनके पास मेडिकल रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजी सबूत मौजूद हैं। महिला ने मांग की है कि इंस्पेक्टर पवन कुमार ने कथित तौर पर अवैध तरीके से संपत्ति बनाई है, जिसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। महिला ने कहा कि वह शख्स वर्दी के लायक नहीं है और उसे तुरंत बर्खास्त किया जाना चाहिए। वीडियो में महिला ने अंदेशा जताया कि पुलिस अधिकारी उन पर या उनके बच्चों पर झूठा मुकदमा दर्ज करवा सकता है।