हरियाणा के करनाल में रविवार रात एक आवारा कुत्ते ने घर के बाहर खड़े बुजुर्ग पर हमला कर उनके चेहरे को बुरी तरह नोच डाला। यहां तक की माथे से मांस तक बाहर खींच लिया। हमले के बाद 2 बड़े कट पड़ गए और काफी खून बह गया। आसपास के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर किसी तरह कुत्ते को भगाया और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में उसे करनाल रेफर कर दिया गया। इलाज के बाद अब उन्हें छुट्टी दे दी गई है और घर पर कुछ दिन के लिए बेड रेस्ट को बोला है। जानिए क्या है पूरा मामला… घरौंडा के वार्ड-7 का मामला रविवार रात घरौंडा के वार्ड-7 स्थित बालीनगर में बुजुर्ग सोम्मी राम (55) अपने घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक आवारा कुत्ते ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग नीचे गिर गए और कुत्ते ने उनके चेहरे का मांस तक बाहर खींच लिया। उनकी आंखें बाल-बाल बचीं। लोगों ने बचाया, अस्पताल में भर्ती कराया हमला होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कुत्ते को वहां से भगाया। इसके बाद वार्ड पार्षद को भी सूचना दी गई। पार्षद प्रतिनिधि विभोर गुप्ता तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल सोम्मी राम को घरौंडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें करनाल के सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के बाद अब उन्हें छुट्टी दे दी गई है और घर पर बेड रेस्ट पर हैं। डॉक्टर ने बताया कि बुजुर्ग को टांके नहीं लगाए गए, क्योंकि कुत्ते के काटने वाले घाव पर टांके लगाने पर इंफेक्शन बढ़ने का खतरा होता है। प्रशासन पर उठे सवाल, डॉग शेल्टर पर भी निशाना घटना के बाद पार्षद प्रतिनिधि विभोर गुप्ता ने नगरपालिका और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार कुत्तों के हमले हो रहे हैं, लेकिन न तो डॉग शेल्टर पूरी तरह तैयार है और न ही कुत्तों को पकड़ने के लिए कोई टेंडर जारी किया गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इन कुत्तों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाए ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। 10 महीने से बढ़ रही समस्या, बच्चे और महिलाएं भी निशाने पर विभोर गुप्ता ने बताया कि पिछले करीब 10 महीनों से वार्ड-7 में आवारा कुत्तों की संख्या तेजी से बढ़ी है। ये आवारा कुत्ते रोजाना छोटे बच्चों पर हमला कर रहे हैं और उन्हें काट रहे हैं। इसके अलावा महिलाओं और बुजुर्गों पर भी हमले हो चुके हैं। इस बारे में कई बार एसडीएम घरौंडा और नगरपालिका सचिव को शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। समाधान नहीं हुआ तो होगा आंदोलन उधर, पार्षद प्रतिनिधि ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि नगरपालिका की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल है, क्योंकि इतने समय के बाद भी न तो कुत्तों की नसबंदी की गई है और न ही उन्हें पकड़ा गया है। नगरपालिका सचिव क्या बोले उधर, नगरपालिका सचिव रविप्रकाश शर्मा ने बताया कि डॉग शेल्टर का काम अंतिम चरण में चला हुआ है और कुत्तों की नसबंदी का भी काम आने वाले दो सप्ताह में शुरू हो जाएगा, जिसको लेकर टेंडर भी हुआ है।
हरियाणा- कुत्ते ने बुजुर्ग का मुंह नोचा, मांस बाहर निकाला:माथे पर 2 बड़े कट पड़े, करनाल में लोगों ने लाठी-डंडों से भगाकर बचाया
