कैथल में भाजपा के पूर्व विधायक लीला राम ने जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) को अवैध कॉलोनियों की बजाय सनसिटी में तोड़फोड़ की कार्रवाई पर खरी खरी सुनाई। डीटीपी ने कहा कि मैं बगैर भेदभाव काम कर रहा हूं। इस पर पूर्व विधायक लीलाराम ने कहा कि आ मेरी गाड़ी में बैठ, तुम्हें मनमानी की तस्वीर दिखाऊं। पूर्व विधायक ने डीटीपी को कहा कि, हम तेरी दादागिरी बिल्कुल नहीं चलने देंगे। जहां जाते हो, मुंह देखकर काम करते हो। तेरे को पकड़ कर अभी ले जाऊं, चल दिखाकर लाऊं लेंटर तोड़े या नहीं। बोले- 20 मकान और दुकान दिखाऊं, जहां भेदभाव हुआ 20 दुकान और मकान ऐसे दिखाऊं, जहां शटर को थोड़ा सा तोड़ कर नाम करवा दिया और 20 ऐसे शोरूम और दुकानें दिखाऊं, जहां लेंटर तक को ध्वस्त कर दिया गया। उसी के साथ में कुछ भी नहीं करके आए। ये फालतू बातें मत छिड़वाओ। ये उल्टी पड़ जाएंगी। उनके पास लोगों की शिकायत पहुंची थी : लीला राम लीला राम ने कहा कि उनके पास लोगों की शिकायतें पहुंची थी कि सनसिटी में बिना नोटिस दिए लोगों के घरों के बाहर ग्रिलों और फेंसिंग को तोड़ा जा रहा है। दोपहर बाद वे मौके पर पहुंचे और कहा कि लोगों के साथ ज्यादती सहन नहीं होगी। उनके अलावा कैथल से कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला भी मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने भी कहा कि अधिकारी जेसीबी से बिना कारण लोगों को डराने का काम न करें। मौके पर मौजूद लोगों ने विधायक और पूर्व विधायक के सामने ही कहा कि पहले कार्रवाई अवैध कॉलोनियों पर करें। डीटीपी बोले- कोई भेदभाव नहीं किया जब मामले को लेकर डीटीपी प्रवीन कुमार से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा जनहित याचिका में दिए गए निर्देशों तथा हरियाणा सरकार के नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग के आदेशों के तहत की गई। इस अभियान के तहत ढांड रोड स्थित सनसिटी और जींद रोड स्थित गुलमोहर सिटी में सेक्टर रोड और आंतरिक सड़कों पर निवासियों द्वारा किए गए अतिक्रमण हटाए गए। टीम ने मौके पर फेंसिंग, ग्रिल और अन्य अवरोधों को हटाकर सड़कों को खाली कराया। इस दौरान वे स्वयं ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने कहीं कोई भेदभाव नहीं किया है।
कैथल में पूर्व विधायक डीटीपी पर भड़के:लीला राम बोले- तेरी दादागिरी बिल्कुल नहीं चलने देंगे, चल दिखाकर लाऊं लेंटर तोड़े या नहीं
