सोनीपत जिले के कालूपुर औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पेंट फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्ट्री की दीवार के साथ रखे बांस-बल्ली के गोदाम को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारी जब सुबह ड्यूटी पर पहुंचे तो उन्होंने फैक्ट्री से धुआं और आग की लपटें उठती देखी तो तुरंत गार्ड और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल-112, सिटी थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। गनीमत रही कि हादसे के समय फैक्ट्री में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा जनहानि हादसा टल गया। सुबह मिली आग लगने की सूचना जानकारी के मुताबिक कालूपुर इंडस्ट्री एरिया में स्थित अरोमा पेंट फैक्ट्री में सुबह आग लगने की सूचना मिली। फैक्ट्री मालिक मॉडल टाउन निवासी राजीव सेठ को जैसे ही सूचना मिली, वह तुरंत मौके पर पहुंचे। वहीं फैक्ट्री में मौजूद गार्ड ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। ज्वलन शील पदार्थ होने की वजह से आग ज्यादा फैल गई और वही फैक्ट्री में केमिकल भी रखे हुए थे। फैक्ट्री में केमिकल के कारण कुछ ब्लास्ट भी हुए हैं। जिसकी वजह से आज में विकराल रूप धारण किया। फैक्ट्री में लगी आग की तस्वीरे… आधा दर्जन से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं आग की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की आधा दर्जन से ज्यादा गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पाया। वहीं पास में स्थित एक दवाइयों की फैक्ट्री से भी पानी और अन्य संसाधनों के जरिए सहयोग किया गया, जिससे आग को फैलने से रोकने में मदद मिली। पेंट फैक्ट्री से बांस-बल्ली गोदाम तक पहुंची आग बताया जा रहा है कि पेंट फैक्ट्री और बांस-बल्ली का गोदाम आमने सामने बने हुए हैं। सेक्टर-15 निवासी अनमोल जैन सीढ़ियों और अन्य निर्माण कार्यों के लिए बांस-बल्ली का कारोबार करते हैं। गोदाम में बड़ी मात्रा में बांस फैक्ट्री की दीवारों के सहारे रखे गए थे। पेंट फैक्ट्री में लगी आग ने जल्द ही इन बांसों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिसके चलते आग तेजी से फैल गई और दोनों जगहों पर भारी नुकसान हुआ। 150 गज में संचालित होती है पेंट फैक्ट्री जानकारी के अनुसार मॉडल टाउन निवासी राजीव सेठ पिछले लंबे समय से करीब 150 गज के प्लॉट में ‘अरोमा पेंट’ नाम से फैक्ट्री चला रहे हैं। फैक्ट्री में केवल दिन के समय काम होता है और यहां करीब 15 से 20 मजदूर कार्यरत हैं। हादसे के समय फैक्ट्री बंद थी, जिसके चलते किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सिटी थाना पुलिस और फायर विभाग कर रहे जांच फिलहाल फायर ब्रिगेड की टीमें आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटी हुई हैं। वहीं सिटी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस और फायर विभाग की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। हादसे में लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
सोनीपत में पेंट फैक्ट्री-बांस गोदाम में लगी आग:केमिकल के कारण हुए ब्लास्ट, शॉर्ट सर्किट से हादसा
