यमुनानगर में पुलिस-बदमाश के बीच मुठभेड़, 15 राउंड फायर हुए:SI की बुलेट प्रूफ जैके पर लगी, पूर्व सरपंच के घर पर चलाई थी गोलियां, पानीपत का रहने वाला

Spread the love

यमुनानगर के रादौर क्षेत्र के गांव भूरे का माजरा में पूर्व सरपंच के घर पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस केस में पुलिस और बदमाश के बीच आज रात मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आरोपी अमन घायल हो गया। आरोपी को इलाज के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, यह मुठभेड़ थाना छप्पर क्षेत्र में कुलपुर गांव के मोड पर हुई, जहां अपराध शाखा-2 की टीम ने बदमाशों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की थी। इसी दौरान पानीपत जिले के गोयला कला निवासी आरोपी अमन ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। इस दौरान सब इंस्पेक्टर की बुलेट प्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी। दोनों तरफ से हुई करीब 15 राउंड फायरिंग के बीच अमन को काबू कर लिया गया। आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से काबू कर लिया और तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। फायरिंग केस से जुड़ा है आरोपी पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी अमन का संबंध हाल ही में भूरे का माजरा गांव में हुई फायरिंग की वारदात से जोड़ा जा रहा है। इस घटना में पल्सर बाइक सवार तीन बदमाशों ने पूर्व सरपंच ऋषिपाल के बंद पड़े घर पर 16 से 17 राउंड फायरिंग की थी। वारदात के दौरान सामने वाले घर में रह रहे उनके साले अंकित पर भी जानलेवा हमला किया गया था, हालांकि वह बाल-बाल बच गया। मौके से पुलिस को 17 खाली खोल बरामद हुए थे और पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। गैंग कनेक्शन की जांच तेज इस मामले में पहले ही गैंगस्टर एंगल सामने आ चुका है। शिकायतकर्ता ने फायरिंग के पीछे गैंगस्टरों का हाथ होने की आशंका जताई थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया था कि यह वारदात रंगदारी या आपसी गैंग रंजिश से जुड़ी हो सकती है। अब आरोपी अमन की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को इस पूरे नेटवर्क के बारे में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। उससे पूछताछ कर अन्य आरोपियों और साजिश में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।