करनाल शहर के सेक्टर-9 में शुक्रवार दोपहर को दिनदहाड़े एक महिला बिजली निगम कर्मचारी की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस आरोपी तक पहुंचने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। पुलिस घर से लेकर आने जाने वाले रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर हत्यारोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है, लेकिन अभी तक पुलिस को कोई खास सफलता हाथ नहीं लगी है। ऐसे में दिनदिहाड़े हुई हत्या की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए है। लोग हैरान और परेशान है कि कोई भी किसी को भी किसी भी टाइम गोली से मारकर चला जाता है। लोगों में दशहत का माहौल बढ़ता जा रहा है। दूसरी ओर लोग इस असमंजस की स्थिति में है कि आखिर मृतका की किसी के साथ क्या दुश्मनी हो सकती है? उसके क्यों टारगेट किया गया और क्या वजह थी कि उसकी दिनदिहाड़े हत्या कर दी गई। अब इन सवालों के जवाब तभी मिल पाएंगे, जब हत्या आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा। वहीं आज मृतका का पोस्टमॉर्टम करवा शव परिजनों के हवाले किया जाएगा। विदेश भेजने का सपना देख रही थी डिंपल मृतका सेक्टर-9 निवासी डिंपल अरोड़ा थी, जो बिजली विभाग में क्लर्क के पद पर कार्यरत थी। वह अपने दोनों जुडवा बेटे और बेटी को भी विदेश में भेजना चाहती थी। उसकी बड़ी बेटी दिव्या दो साल पहले कनाडा जा चुकी है। वहीं दूसरी बेटी गुनगुन और बेटा देवांश ने इस बार 12वीं की पढ़ाई पूरी कर ली थी और उन्हें भी विदेश भेजने की तैयारी चल रही थी। इसी को लेकर वह अक्सर चिंतित रहती थी। पड़ोसियों से विवाद की भी चर्चा प्रारंभिक जानकारी के अनुसार डिंपल के परिवार का पड़ोसियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद भी चल रहा था। इसके अलावा एक मुकदमा भी दर्ज बताया जा रहा है। हालांकि यह मामला क्या था, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि हत्या का संबंध किसी पुराने विवाद से तो नहीं है। लंच के लिए घर पहुंची थी महिला 15 मई को डिंपल अरोड़ा दोपहर के समय लंच के लिए अपने घर पहुंची थी। वह स्कूटी को स्टैंड पर खड़ा कर लॉक कर रही थी। इसी दौरान पीछे से एक युवक पैदल आया, जिसने मुंह कपड़े से ढका हुआ था। उसने अचानक डिंपल के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही डिंपल वहीं गिर गई और आरोपी मौके से फरार हो गया। पहले समझा चक्कर आने से गिरी गोली लगने के बाद डिंपल घर के बाहर गिर पड़ी। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तो शुरुआत में उन्हें लगा कि महिला चक्कर आने से गिर गई है, लेकिन जब सिर से खून बहता देखा तो तुरंत उसे अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सीसीटीवी से सामने आई पूरी सच्चाई घटना के बाद एक पड़ोसी ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में पूरी वारदात कैद मिली। परिजनों ने यह फुटेज पुलिस को सौंप दी है। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह भेजकर जांच शुरू कर दी। रैकी के बाद दिया वारदात को अंजाम सीसीटीवी फुटेज में यह भी सामने आया है कि घटना से करीब एक घंटे पहले एक बाइक सवार युवक इलाके में घूमकर रैकी करता नजर आया। इसके बाद वह वहां से चला गया। बाद में जब डिंपल घर पहुंची तो वही युवक बाइक पर आया। उसने हेलमेट पहना हुआ था और मुंह कपड़े से ढका हुआ था। पास से गोली मारकर फरार हुआ आरोपी फुटेज में दिख रहा है कि आरोपी गली के कोने पर बाइक रोककर उतरा और पैदल डिंपल के पीछे गया। उसने कपड़े के अंदर पिस्तौल छिपा रखी थी। जैसे ही डिंपल स्कूटी लॉक करने लगी, आरोपी ने पीछे से गर्दन के पास पिस्तौल लगाकर गोली मार दी और तुरंत फरार हो गया। तीन बच्चों की मां थी डिंपल डिंपल अरोड़ा तीन बच्चों की मां थी। उसकी बड़ी बेटी दिव्या कनाडा में रह रही है, जबकि गुनगुन और देवांश घर पर ही रहते हैं। परिवार के अनुसार डिंपल अपने बच्चों के भविष्य को लेकर काफी चिंतित रहती थी और उन्हें बेहतर जीवन देने के लिए प्रयास कर रही थी। एसपी नरेंद्र बिजराणिया ने लिया जायजा घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी नरेंद्र बिजराणिया मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस का जल्द गिरफ्तारी का दावा पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। जांच टीम अलग-अलग एंगल पर काम कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
करनाल में पड़ोसियों से विवाद की चर्चा:महिला क्लर्क का मर्डर केस, बेटी कनाडा में; दोनों बच्चों को भी विदेश भेजना चाहती थी डिंपल
