कुरुक्षेत्र में CSC ऑपरेटर का सर्च ऑपरेशन रोका:60 घंटे बाद भी नहीं सुराग, परिवार का नहर पर पहरा; किनारे पर मिली कार

Spread the love

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के मिर्जापुर गांव के पास से लापता हुए CSC ऑपरेटर पुनीत का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। लगातार 4 दिनों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद SDRF टीम और गोताखोरों ने भाखड़ा नहर में तलाश फिलहाल बंद कर दी है। परिवार के लोग अब भी नहर किनारे अपने स्तर पर निगरानी कर रहे हैं। गोताखोर प्रगट सिंह ने कहा कि अगर पुनीत नहर में डूबता, तो 3-4 दिन के भीतर शव ऊपर आ जाना था, लेकिन 50 घंटे से ज्यादा समय बीत चुका है। इस कारण टीम ने सर्च ऑपरेशन रोक दिया। उधर, ज्योतिसर पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई ढांड पुलिस कर रही है और उनकी तरफ से अभी कोई नया मैसेज नहीं मिला है। पत्नी ने रोकने की कोशिश की पुनीत जिला कैथल के कोल गांव का रहने वाला था और गांव में CSC सेंटर चलाता था। सोमवार (11 मई) देर रात वह अचानक घर से कार लेकर निकल गया। उसकी पत्नी ने उसे रोकने की कोशिश भी की, लेकिन वह बिना कुछ बताए घर से चला गया। परिवार के लोग भी उसकी तलाश के लिए निकल पड़े। मिर्जापुर में नहर किनारे मिली कार अगली सुबह उसकी कार मिर्जापुर नहर पुल के पास खड़ी मिली। इसके बाद आशंका जताई गई कि उसने नहर में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF टीम और गोताखोर मौके पर पहुंचे और नहर में सर्च अभियान शुरू किया गया। SDRF और गोताखोरों की टीम ने मिर्जापुर पुल से लेकर किरमिच पुल तक लगातार दाे दिन सर्च ऑपरेशन चलाया। वीडियो में लगाए ठगी के आरोप लापता होने से पहले पुनीत ने एक वीडियो अपलोड किया था। इस वीडियो में उसने दो एजेंटों पर विदेश भेजने के नाम पर उससे करीब साढ़े सात लाख रुपए ठगने के आरोप लगाए थे। पुनीत ने बताया था कि साल 2024 में उसकी मुलाकात दोमाड़ा गांव के बिट्टू से हुई थी। बिट्टू ने उसे अपनी मासी के बेटे बलजीत से मिलवाया। दोनों ने उसे न्यूजीलैंड भेजने का भरोसा दिया था। आरोपी खुद विदेश भागे पुनीत के अनुसार आरोपियों ने उससे पैसे लेने के बाद विदेश जाने की तैयारी तक करवाई। बाद में जर्मनी भेजने का झांसा देकर कई बार दिल्ली के चक्कर भी लगवाए गए। आरोप है कि इसके बाद दोनों खुद विदेश भाग गए। वीडियो में पुनीत ने बिट्टू और बलजीत को किसी भी अनहोनी के लिए जिम्मेदार ठहराया था। मामा के लड़के ने बताई पूरी बात पुनीत के मामा के लड़के सतीश ने बताया कि सोमवार रात वह बिना किसी को बताए घर से निकल गया था। बाद में परिवार को फोन पर सूचना मिली कि उसकी कार कुरुक्षेत्र में मिर्जापुर नहर पुल के पास खड़ी है। इसके बाद परिवार मौके पर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी गई। परिवार नहर पर पहरा लगाकर बैठ गया।