भूपेंद्र और केशव, दोनों PWD चाह रहे:मंत्री एके शर्मा ऊर्जा विभाग के बदले वजनदार मंत्रालय चाहते हैं

Spread the love

यूपी में 10 मई को कैबिनेट विस्तार हुआ। 6 दिन बीत गए, लेकिन शपथ लेने वाले 6 नए चेहरों और दो प्रमोटेड मंत्रियों के पास काम करने के लिए विभाग नहीं हैं। इसे लेकर सियासी बयानबाजी होने लगी है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शुक्रवार को X पोस्ट कर तंज कसा। कहा- मंत्रालयों के बंटवारे की देरी की असली वजह सिर्फ यह है कि ‘कमीशन-कमाई’ के बंटवारे को लेकर डबल इंजन आपस में टकरा रहे हैं। विभाग बंटवारे में कहां फंसा पेंच? पांच मंत्रियों के विभागों में फेरबदल होना तय
सरकार से जुड़े सोर्स की मानें तो विभागों के बंटवारे में सबसे बड़ा पेंच कैबिनेट मंत्री की शपथ लेने वाले भूपेंद्र चौधरी और मनोज पांडेय को लेकर फंसा है। दोनों के समर्थक कद के मुताबिक बड़े विभाग की दावेदारी कर रहे हैं। इसके अलावा प्रमोट हुए दो राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) को भी दो विभाग देने हैं। ऐसे में किस मंत्री के विभाग कम होंगे, ये तय नहीं हो सका है। राज्य सरकार के मौजूदा मंत्रियों और उनके विभाग पर नजर दौड़ाएं तो सीएम सहित पांच ऐसे चेहरे हैं, जिनके विभागों में फेरबदल हो सकता है। समस्या ये है कि इनमें से दो सहयोगी दल के मंत्री हैं। इनके विभागों में सीएम कोई छेड़छाड़ नहीं करेंगे। अब दो ही मंत्री ऐसे हैं, जिनके पास एक से ज्यादा विभाग हैं। एक डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और दूसरे नगरीय विकास मंत्री एके शर्मा। पीडब्ल्यूडी और ऊर्जा विभाग को लेकर असली खींचतान
सरकार से जुड़े सोर्स बताते हैं कि केंद्र से साफ मैसेज है कि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को अहम विभाग ही दिया जाए। वह अमित शाह के करीबी माने जाते हैं और कई मौकों पर अमित शाह उनकी तारीफ भी कर चुके हैं। केशव के समर्थक चाहते हैं कि उन्हें पुराने विभाग पीडब्ल्यूडी दोबारा मिल जाए। पहले कार्यकाल में पीडब्ल्यूडी विभाग केशव प्रसाद मौर्य के पास ही था। दूसरे कार्यकाल में ये विभाग पहले जितिन प्रसाद को मिला। उनके केंद्र में मंत्री बनने के बाद से ये विभाग मुख्यमंत्री के पास है। पेंच ये है कि फेरबदल में कैबिनेट मंत्री बने भूपेंद्र सिंह के समर्थक चाहते हैं कि पीडब्ल्यूडी विभाग उन्हें मिले। क्योंकि भूपेंद्र भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। पहले उनके पास पंचायती राज विभाग था, जो अब सहयोगी दल के ओमप्रकाश राजभर के पास है। ऐसे में भूपेंद्र चौधरी के कद को देखते हुए विभाग की व्यवस्था करना एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। ऊर्जा विभाग को लेकर भी पेंच फंसा है। अभी ये विभाग केंद्र के करीबियों में गिनती रखने वाले एके शर्मा के पास है। ऊर्जा विभाग को लेकर पिछले कुछ समय से किरकिरी हो रही है। ऐसे में मुख्यमंत्री ये विभाग कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय को सौंपना चाहते हैं। समस्या ये है कि एके शर्मा को इसके बदले में कोई और वजनदार विभाग देना होगा। मनोज पांडेय के लिए दूसरा विकल्प ग्राम्य विकास का भी है। हालांकि ये तभी संभव होगा, जब केशव प्रसाद मौर्य को पीडब्ल्यूडी विभाग सौंपा जाता है। प्रमोट हुए स्वंत्रत राज्य मंत्रियों के लिए भी दो विभाग चाहिए
कैबिनेट में दो राज्य मंत्रियों को प्रमोट करके राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है। इनमें अजीत सिंह पाल और सोमेंद्र तोमर शामिल हैं। इन दो मंत्रियों के लिए भी एक-एक विभाग चाहिए। इनको वही दो विभाग मिल पाएंगे, जो डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, एके शर्मा, भूपेंद्र चौधरी और मनोज पांडेय को एडजस्ट करने के बाद बचेंगे। सूत्र बताते हैं कि एक मंत्री को खनन और दूसरे को खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय दिया जा सकता है। नए मंत्रियों को कहां आवंटित हुआ है कार्यालय? दिल्ली में सीएम योगी शाह, नितिन नवीन से मुलाकात कर लौटे यूपी कैबिनेट विस्तार के बाद योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अपने आवास पर सभी मंत्रियों की बैठक ली। गुरुवार को वे दिल्ली का दौरा भी कर आए। वहां उनकी मुलाकात गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से हुई। गृहमंत्री से सीएम योगी की चर्चा लगभग सवा घंटे तक चली। इसके बाद वे पार्टी मुख्यालय पहुंचे, जहां राष्ट्रीय अध्यक्ष से उनकी मुलाकात हुई थी। माना जा रहा है कि दोनों मुलाकात विभाग के बंटवारे को लेकर ही हुईं। सीएम गुरुवार को ही दिल्ली से लौट भी आए। माना जा रहा था कि शुक्रवार को विभागों का बंटवारा कर दिया जाएगा, लेकिन सीएम महाराजगंज और गोरखपुर के कार्यक्रमों में शामिल होने निकल गए। भाजपा प्रवक्ता बोले- सीएम राजधानी में नहीं, ये उनका विशेषाधिकार
विभागों के बंटवारे में हो रही देरी पर भाजपा के प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी कहते हैं कि कहीं पेंच नहीं अटका है। मुख्यमंत्री आज राजधानी से बाहर हैं, गोरखपुर में हैं। विभागों का बंटवारा मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है। नए मंत्रियों का प्रोफाइल जानिए…
————- ये पढ़ें – योगी मंत्रिमंडल में 6 नए मंत्री बने, 2 का प्रमोशन:शपथ के बाद राज्यपाल-सीएम के पैर छुए, कृष्णा पासवान ने जयश्रीराम के नारे लगाए यूपी की योगी कैबिनेट का आज दूसरी बार विस्तार हुआ। 2 कैबिनेट और 4 राज्यमंत्री मिलाकर 6 नए सदस्य शामिल हुए। वहीं 2 राज्य मंत्रियों को प्रमोशन देकर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया। राजभवन में रविवार को आयोजित समारोह में सबसे पहले भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने शपथ ली। इसके बाद सपा के बागी विधायक मनोज पांडेय ने शपथ ली। पढ़िए पूरी खबर…