हरियाणा में पहली बार घने कोहरे की चेतावनी:4 दिनों के लिए 9 जिलों में अलर्ट, वाहन धीमी गति में चलाने की एडवाइजरी

Spread the love

हरियाणा में मौसम बदलने लगा है। प्रदेश में कड़ाके की ठंड के साथ अब कोहरे का डबल अटैक शुरू हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 4 दिनों के लिए प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। इनमें से 9 जिलों में कोहरे का ऑरेंज अलर्ट है। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 18 और 19 दिसंबर को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, करनाल, कैथल, सोनीपत, पानीपत और कुरुक्षेत्र जिलों में ‘बहुत घना कोहरा’ (Orange Alert) रहेगा। इसके अलावा अन्य 13 जिलोंं में भी घना कोहरा छाएगा। इसे लेकर भी यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 21 दिसंबर के बाद ही कोहरे छटेगा। बीते दिनों अचानक धुंध व कोहरा छाने से सड़कों पर कई हादसे हो चुके हैं। ऐसे में ड्राइवरों को धीमी गति से वाहन चलाने की सलाह दी गई है। वहीं, बुधवार को महेंद्रगढ़ का नारनौल 5.6 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा। मौसम के PHOTOS… अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री की गिरावट
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में औसत अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई है, लेकिन रात की ओस और सुबह के कोहरे ने ठिठुरन बढ़ा दी है। भिवानी (AWS) में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा सिरसा में 25.1 डिग्री और फरीदाबाद में 25.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। पंचकूला में दिन का पारा सबसे कम रहा। यहां अधिकतम तापमान केवल 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा ठंड पंचकूला (-6.5 डिग्री) और करनाल (-5.2 डिग्री) में बढ़ी है। एक्सपर्ट बोले- आज से एक और पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में मौसम 20 दिसंबर तक खुश्क व परिवर्तनशील बना रहेगा। उत्तर व उत्तर-पश्चिमी शीत हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलने से रात के तापमान में गिरावट हो सकती है, मगर दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी। डॉ. खीचड़ ने बताया- आज 18 दिसंबर से एक और पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 18 दिसंबर से 20 दिसंबर के दौरान बीच-बीच में आंशिक रूप से बादल छाने की संभावना है। इससे दिन के तापमान में हल्की गिरावट व रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। इस दौरान वातावरण में नमी बढ़ने से कहीं-कहीं अलसुबह हल्की से मध्यम धुंध भी रहने की संभावना है। मौसम के वीडियो देखने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…