फतेहाबाद जिले के रतिया की अनाज मंडी के पास एक वेयरहाउस के गोदामों के पास शुक्रवार को करीब 29 वर्षीय युवक का शव मिला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे लिया और जांच में जुट गई है। सुबह के समय गोदामों के पास से तेज दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों को संदेह हुआ। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने झाड़ियों में एक युवक का शव देखा। युवक की कमीज उतरी हुई थी और उसने पैंट पहनी हुई थी। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। शहर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर रतिया के नागरिक अस्पताल के मोर्च्युरी हाउस में रखवाया। शव की पहचान नहीं हुई शहर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर पुष्पा सिहाग ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। शव की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों और अन्य संबंधित स्थानों पर सूचना भेजी गई है। मौत के कारणों का पता नहीं इंस्पेक्टर सिहाग के अनुसार, युवक की मौत के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। अगर निर्धारित समय तक शव की पहचान नहीं हो पाती है, तो पोस्टमार्टम करवाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और युवक की पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं।
फतेहाबाद में झाड़ियों में मिला युवक का शव:पहचान नहीं, बदबू आने पर आसपास के लोगों को पता चला; मौत का कारण स्पष्ट नहीं
