तेलंगाना के सूर्यपेट जिले में भारत राष्ट्र समिति (BRS) के लोकल नेता चिंतलपति मधु की हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक उनकी लाश के टुकड़ों को एक बोरे में भरकर हाईवे के पास पुलिया के नीचे फेंकी गई थी। मधु शुक्रवार शाम से लापता थे, जिसके बाद उनकी पत्नी ने शिकायत दर्ज कराई। पुलिस का शक है कि पुरानी दुश्मनी के चलते हत्या की गई। बताया जा रहा है कि मधु को जान-पहचान के लोगों ने बहाने से बुलाया था। वह पहले एक हत्या के मामले में मुख्य गवाह भी रह चुके थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आज की अन्य बड़ी खबरें… गढ़चिरौली में माओवादियों की हथियार फैक्ट्री का खुलासा, 8 माओवादी गिरफ्तार महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में पुलिस ने जंगल में छिपाई गई माओवादियों की हथियार बनाने और स्टोर करने वाली यूनिट का भंडाफोड़ किया। यह कार्रवाई “ऑपरेशन अंतिम प्रहार” के तहत की गई, जो सरेंडर कर चुके माओवादियों से मिली गुप्त जानकारी के आधार पर शुरू हुई थी। सर्च ऑपरेशन में पुलिस को लेथ मशीन, पाइप, जनरेटर, बैटरी, ड्रिलिंग मशीन, सोलर पैनल और विस्फोटक सामग्री बनाने के उपकरण मिले। सुरक्षा बलों ने मौके पर ही सभी सामान को नष्ट कर दिया। ऑपरेशन के दौरान AK-47, INSAS, SLR समेत 51 हथियार, भारी मात्रा में गोला-बारूद, डेटोनेटर और 65 लाख रुपये से ज्यादा नकदी बरामद हुई। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई के बाद जिले में वांटेड माओवादियों की सूची लगभग खत्म हो गई है। गढ़चिरौली पुलिस और CRPF ने इस अभियान में आठ माओवादियों को गिरफ्तार किया और पांच सीनियर कैडर का सरेंडर करवाया। गिरफ्तार लोगों में कई बड़े माओवादी नेता शामिल बताए गए हैं।
तेलंगाना के जूनियर कॉलेजों में मिलेगा मिड-डे मील तेलंगाना सरकार ने राज्य के सभी जूनियर कॉलेजों में 11वीं और 12वीं के छात्रों के लिए मिड-डे मील योजना शुरू करने को मंजूरी दे दी है। साथ ही इंदिराम्मा हाउसिंग स्कीम के दूसरे चरण में 2.5 लाख घर बनाने का फैसला भी लिया गया है। कैबिनेट ने हैदराबाद क्षेत्र में एलआईजी वर्ग के लिए एक लाख घर बनाने और नई लाइफ साइंसेज पॉलिसी को भी मंजूरी दी। सरकार का लक्ष्य 2030 तक तेलंगाना को दुनिया के टॉप-5 लाइफ साइंसेज हब में शामिल करना है। राहुल गांधी ने सुसाइड करने वाले नीट के छात्र के परिवार से बात की कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राजस्थान के नीट के छात्र प्रदीप मेघवाल के परिवार से फोन पर बात की। छात्र ने पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने के बाद आत्महत्या कर ली थी। परिवार ने बताया कि बेटे की पढ़ाई के लिए उन्होंने 11 लाख रुपये का लोन लिया था। राहुल गांधी ने परिवार को न्याय और हर संभव मदद का भरोसा दिया। वहीं NSUI ने परिवार को 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
भास्कर अपडेट्स:तेलंगाना में BRS के नेता की हत्या, लाश के टुकड़ों को बोरे में भरकर फेंका
