कैथल जिले में तूड़ी का काम कर रहे दो भाइयों पर गंडासी और लाठियों से तोबड़तोड़ हमले का मामला सामने आया है। इसका सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कई व्यक्ति आकर दोनों पर हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि वीडियो तीन दिन पुराना बताया जा रहा है, लेकिन पड़ताल में पता चला है कि यह कलायत क्षेत्र के गांव बात्ता का है। जमीन का विवाद हमले का कारण हमले का कारण गांव में जमीन को लेकर बढ़ा विवाद है। इस संबंध में घायल व्यक्तियों ने पुलिस को भी हमलावरों के खिलाफ शिकायत दी है। फिलहाल गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों का शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनके सिर, हाथों और शरीर के अन्य स्थानों पर गंभीर चोटें लगी हुई है। अस्पताल में दाखिल व्यक्ति ने मामले के बारे में बताया हमले में घायल व अस्पताल में दाखिल गांव बात्ता निवासी संजीव ने सीसीटीवी फुटेज का जिक्र करते हुए बताया कि वह खेती बाड़ी का काम करता है। उनका पड़ोसियों के साथ करीब एक साल से जमीन के बटवारे को लेकर आपसी विवाद चला हुआ है। खेत की खेवट में साझेदार पड़ोसी नरेन्द्र व उसका परिवार कहते हैं कि वे अपनी सड़क के साथ लगती जमीन बटवारे में लेंगे और उनको पीछे वाली जमीन में हिस्सा देंगे। उनका कोर्ट में करीब एक साल से केस विचाराधीन है। खेत में आकर बरसाई गंडासी व लाठियां 18 अप्रैल को वह और उसका भाई राजीव अपने खेत में तूड़ी का काम कर रहे थे। इस दौरान उनके पास नरेंद्र का बेटा पंकज, अशोक व एक अन्य लड़का मोटरसाइकिल पर आए और कुछ समय बाद चले गए। थोड़ी देर के बाद नरेन्द्र व सुरेन्द्र मोटरसाईकिल पर आए करीब 40-50 फीट की दूरी पर खड़े हो गए। फिर ओमबीर, मनीष, धर्मबीर, दीपक, बहादुर व अशोक अपने हाथों में लाठी गंडासी व अन्य हथियार व पिस्तोल वगैरह लेकर आए। घेरा देकर हमला किया वे दोनों भाई डर के मारे खेतों में बने अपने ढाबे के अंदर जाने लगे। सभी ने घेरा देकर उन पर हमला कर दिया। उन पर ताबड़तोड़ गंडासी और लाठियां चलाई। जब वे दोनों गंभीर हालत में हो गए तो आरोपी मौके से अपने हथियारों समेत फरार हो गए। जाते हुए उनको जान से मारने की धमकी भी देकर गए हैं। मामले को लेकर कलायत थाना एसएचओ सुभाष चंद्र ने बताया कि इस संबंध में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
कैथल में दो भाइयों पर हमला, सीसीटीवी फुटेज वायरल:ताबड़तोड़ गंडासी और लाठियां बरसाई, गांव बात्ता का मामला
