सोनीपत के गन्नौर में शादी से मना किए जाने के बाद एक युवक अपने साथियों के साथ लड़की यह घर में घुस गया। आरोप है कि युवक हथियार लेकर अपने साथियों के साथ लड़की के घर पहुंचा और जबरदस्ती लड़की को घर से ले जाने की कोशिश करने लगा। आरोप है कि उसने पहले सोशल मीडिया के जरिए युवती को बहकाया, फिर शादी का दबाव बनाया और इनकार मिलने पर सीधा घर पर हमला बोल दिया। गाड़ी से मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश, परिवार को जान से मारने की धमकियां और फिर रास्ते में दोबारा घेरकर हमला करने की कोशिश की। पूरी घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि पीड़ित परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। सोशल मीडिया से शुरू हुआ विवाद गन्नौर एक रेजिडेंसी सोसाइटी में रहने वाले संजय मलिक ने बताया कि उनकी बेटी को एक युवक ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने संपर्क में लिया। बातचीत बढ़ने के बाद उसने युवती पर शादी का दबाव बनाना शुरू कर दिया। परिवार को जब इस बारे में जानकारी मिली तो उन्होंने लड़के के परिवार की जांच-पड़ताल की, लेकिन हालात ठीक न लगने पर रिश्ता ठुकरा दिया। आधी रात गाड़ी से तोड़ा घर का दरवाजा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 28-29 अप्रैल की रात करीब 12 बजे आरोपी गौरव अपने साथियों के साथ गाड़ी लेकर घर पहुंचा। उसने गाड़ी से मुख्य दरवाजे को जोरदार टक्कर मारकर तोड़ दिया। आवाज सुनकर परिवार के सदस्य जाग गए और बाहर आए तो आरोपी हथियार दिखाते हुए घर में घुसने और युवती का अपहरण करने की धमकी देने लगा। CCTV में कैद हुई पूरी वारदात पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी ने खुलेआम धमकी दी कि अगर उसकी बात नहीं मानी गई तो पूरे परिवार को खत्म कर देगा। इस दौरान घर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और परिवार दहशत में आ गया। घर में लगे CCTV कैमरों में यह पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। वीडियो में आरोपी की हरकतें और धमकियां साफ तौर पर सुनी और देखी जा सकती हैं, जो पुलिस के लिए अहम सबूत साबित हो सकती हैं। अस्पताल जाते समय रास्ते में दोबारा घेराबंदी घटना के बाद संजय मलिक की तबीयत बिगड़ गई। उनका चचेरा भाई उन्हें गन्नौर अस्पताल लेकर जा रहा था, तभी जीटी करनाल रोड पर एक गाड़ी ने अचानक ब्रेक लगाकर उनका रास्ता रोकने की कोशिश की। टक्कर के बाद सामने आया कि उसी गाड़ी में पहले वाले आरोपी मौजूद थे, जबकि दूसरी गाड़ी में उनके 4-5 साथी भी थे। पुलिस के पहुंचने पर बदमाश फरार पीड़ित ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी मौके से अपनी दोनों गाड़ियां छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने गाड़ियों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पहले से कर रहे थे घर की रेकी शिकायत में बताया गया कि आरोपी पहले भी कई बार संदिग्ध तरीके से घर के आसपास घूमता नजर आया था। घटना वाले दिन शाम को भी उसकी गाड़ी इलाके में देखी गई थी, जिससे यह साफ है कि वारदात पहले से प्लान की गई थी। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान अपहरण की कोशिश की पुष्टि होने पर और भी धाराएं जोड़ी जाएगी। परिवार ने सुरक्षा की लगाई गुहार घटना के बाद पीड़ित परिवार दहशत में है और उन्होंने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के साथ-साथ सुरक्षा की मांग की है। वहीं पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
सोनीपत में युवती के अपहरण की कोशिश:रिश्ता ठुकराने पर भड़का युवक, साथियों संग हथियार लेकर घर में घुसा; दरवाजा भी तोड़ा
