हरियाणा के 8 जिलों में आंधी-बूंदाबांदी का अलर्ट:प्रदेश में कल से लू चलेगी; 12 शहरों में पारा 40 डिग्री पार

Spread the love

हरियाणा में भीषण गर्मी के बीच आज शुक्रवार को मौसम फिर करवट बदलेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) चंडीगढ़ ने दक्षिण हरियाणा के 8 जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बूंदाबांदी का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। प्रदेश में गुरुवार को गर्मी का असर बना रहा। औसत अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। सिरसा सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं करनाल सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। IMD के अनुसार आज महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात (नूंह), झज्जर और चरखी दादरी जिलों में यलो अलर्ट रहेगा। 12 शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार
हरियाणा में गर्मी लगातार बढ़ रही है। गुरुवार को 13 शहरों और मौसम केंद्रों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। इनमें सिरसा 44.0, नारनौल 42.7, भिवानी 42.5, रोहतक 42.0, हिसार 41.7, महेंद्रगढ़ 41.3, फरीदाबाद 41.1, नूंह 41.0, रेवाड़ी 40.9, गुरुग्राम 40.7, चरखी दादरी 40.7 और जींद 40.1 डिग्री शामिल रहे। कल से फिर बढ़ेगी गर्मी : एचएयू चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 15 मई तक पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक असर रहेगा। इस दौरान कहीं-कहीं बादल, गरज-चमक और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के मुताबिक 16 मई से 20 मई तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा। दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी, जबकि रात के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इस दौरान गर्म और शुष्क पश्चिमी हवाएं चलने से हीटवेव जैसे हालात बनने की संभावना है। जानिए कैसा रहा अधिकतम और न्यूनतम तापमान… सिरसा में 44 डिग्री तक पहुंचा पारा : हरियाणा में गर्मी लगातार तीखी होती जा रही है। गुरुवार को प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहा, लेकिन कई शहरों में पारा 40 डिग्री से ऊपर पहुंच गया। सिरसा 44 डिग्री के साथ सबसे गर्म जिला रहा। नारनौल, भिवानी, रोहतक और हिसार में भी भीषण गर्मी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार 16 मई के बाद तापमान में और बढ़ोतरी होगी। न्यूनतम तापमान में 2.4 डिग्री की गिरावट : प्रदेश में रात के तापमान में अभी हल्की राहत बनी हुई है। गुरुवार को हरियाणा का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। करनाल सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। अंबाला, गुरुग्राम और नूंह में भी रात का तापमान 20 से 21 डिग्री के बीच रहा।