हरियाणा के करनाल में देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपियों ने युवक के माथे और छाती में गोली मारी। गोलियों की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने युवक को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की सूचना पर पुलिस टीम के साथ करनाल एसपी नरेंद्र बिजारणिया भी मौके पर पहुंच गए। फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल की जांच कर रही है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने पॉइंट ब्लैंक से युवक को गोली मारी। मृतक सूरज करीब एक साल पहले ही एक मर्डर केस में जेल से बाहर आया था। पुलिस केस को अब पुरानी रंजिस से भी जोड़कर देख रही है। बदमाशों ने चार गोलियां चलाईं, सूरज को 3 लगी करनाल जिले के निसिंग क्षेत्र के गांव गोंदर में बाइक पर आए तीन बदमाशों ने सूरज (26) की गोली मारकर हत्या कर दी। सूरज देर शाम गांव की सरपंच गली में खड़ा था। इसी दौरान बदमाश वहां अचानक आए और सूरज पर फायरिंग कर दी। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने चार राउंड फायर किए, जिसमें से सूरज के सिर, छाती और बगल में गोलियां लगीं। वहीं एक गोली सूरज के पास से होकर गुजरी। अस्पताल पहुंचने से पहले ही हालत बिगड़ी वारदारत के बाद परिजनों ने सूरज को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों की जांच में सामने आया है कि सूरज की मौके पर ही मौत हो गई थी। मौत के बाद परिजन सूरज के शव को घर ले गए, शव का पोस्टमॉर्टम कराने से भी इंकार कर दिया। पुलिस अधिकारी अभी परिजनों को पोस्टमॉर्टम कराने के लिए समझाने में जुटे हैं। हम इस खबर को लगातार अपडेट कर रहे हैं….
जमानत पर आए युवक की गोली मारकर हत्या:पॉइंट ब्लैंक से सिर-छाती में मारी गोली, करनाल में 4 राउंड फायर कर फरार हुए बदमाश
