हरियाणा कांग्रेस के 5 निलंबित MLA सरकारी गेस्ट बने:CMO ने जारी की लिस्ट; CM सैनी और स्वास्थ्य मंत्री पंचकूला में रहेंगे

Spread the love

हरियाणा सरकार ने स्वास्थ्य विभाग की आगामी योजनाओं और पहलों की शुरुआत के लिए जिलों के मुख्य अतिथियों और विशिष्ट अतिथियों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है। आगामी 29 मई यानी कल को दोपहर 2:00 बजे होने वाले इस राज्यव्यापी कार्यक्रम के लिए सरकार ने एक बेहद दिलचस्प और बड़ा राजनीतिक दांव खेला है। सरकार की ओर से जारी इस सूची में कांग्रेस के उन 5 ‘निलंबित’ विधायकों की भी ड्यूटी लगाई गई है, जिन्होंने हाल के दिनों में अपनी पार्टी से बगावत के सुर बुलंद किए हैं। यहां देखिए सरकार की लिस्ट… कांग्रेस के 5 विधायकों को विशिष्ट अतिथि बनाया ​सरकारी आदेश के मुताबिक, प्रदेश के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में केंद्रीय मंत्रियों, राज्य के मंत्रियों और सांसदों को ‘मुख्य अतिथि’ बनाया गया है। वहीं, विशिष्ट अतिथियों की सूची में कांग्रेस के इन 5 निलंबित विधायकों के नामों को प्रमुखता से शामिल किया गया है। ​मोहम्मद इसराइल (विधायक, हथीन), पलवल जिले के हथीन विधानसभा क्षेत्र के कार्यक्रम में इन्हें विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल किया गया है। वहीं रेनू बाला (विधायक, सढ़ौरा), यमुनानगर जिले के सढ़ौरा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में इन्हें जिम्मेदारी सौंपी गई है। रतिया से कांग्रेस विधायक जरनैल सिंह को रतिया, नारायणगढ़ विधानसभा से शैली चौधरी, पुन्हाना से मोहम्मद इलियास होडल से मोहम्मद इजराइल को हरियाणा सरकार ने विशिष्ट अतिथि बनाया है। क्या हैं इसके सियासी मायने? ​राजनीतिक गलियारों में सरकार के इस कदम को एक बड़े संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। आमतौर पर सरकारी कार्यक्रमों के उद्घाटन और शिलान्यास में सत्तापक्ष या सहयोगी दलों के नेताओं को ही तवज्जो दी जाती है। लेकिन कांग्रेस के इन 5 विधायकों को सीधे तौर पर सरकारी जिम्मेदारी सौंपकर सरकार ने यह साफ कर दिया है कि इन निलंबित विधायकों के साथ सत्तापक्ष के संबंध बेहद मजबूत हो चुके हैं। ​चर्चा यह भी है कि विधानसभा चुनाव या भविष्य की राजनीतिक रणनीति को ध्यान में रखते हुए इन विधायकों को उनके ही गढ़ में सरकारी मंच देकर सरकार ने एक तीर से दो निशाने साधे हैं। इससे एक तरफ जहां विपक्ष (कांग्रेस) के खेमे में खलबली मचना तय है, वहीं दूसरी तरफ इन विधायकों का अपनी ही पार्टी से मोहभंग होना और सत्तापक्ष के करीब आना अब पूरी तरह से साफ हो गया है। ​सीएम और स्वास्थ्य मंत्री पंचकूला में रहेंगे मौजूद ​इस राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव खुद पंचकूला में मौजूद रहेंगे। जहां वे मुख्य अतिथि के तौर पर स्वास्थ्य विभाग की इन नई पहलों की शुरुआत करेंगे। इसके अलावा, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह गुरुग्राम में और कृष्णपाल गुर्जर फरीदाबाद में मुख्य अतिथि के रूप में कमान संभालेंगे।