हरियाणा के हिसार जिले में अग्रोहा के पास गांव दुर्जनपुर लिंक रोड पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहां सड़क निर्माण कार्य में जुटी एक 60 वर्षीय महिला मजदूर को तेज रफ्तार ट्रक ने बेरहमी से कुचल दिया। हादसा इतना भयानक था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान गांव नंगथला की रहने वाली चमेली देवी के रूप में हुई है। हादसे के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सूचना मिलते ही नंगथला गांव के दर्जनों लोग अस्पताल पहुंच गए। पुलिस के अनुसार, हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई थी। फिलहाल सिविल अस्पताल में मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। परिजनों के बयानों और शिकायत के आधार पर पुलिस आगामी कानूनी कार्रवाई और ट्रक ड्राइवर की तलाश में जुट गई है। सड़क बनाते समय आया ट्रक बताया जा रहा है कि इन दिनों दुर्जनपुर लिंक रोड पर सड़क बनाने का काम चल रहा है, जहां चमेली देवी बतौर लेबर काम कर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे स्थित एक फैक्ट्री से एक ट्रक बाहर निकला। ड्राइवर ने लापरवाही से ट्रक दौड़ाया और सड़क पर काम कर रही चमेली देवी को कुचल दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। 20 साल अकेले 5 बच्चों को पाला चमेली देवी के सिर पर दुखों का पहाड़ सालों पहले ही टूट गया था। साल 2006 में उनके पति की मौत हो चुकी थी। पति के गुजर जाने के बाद चमेली देवी अकेले ही हिम्मत जुटाकर मजदूरी करती थी और अपने 5 बच्चों (दो लड़के और तीन लड़कियों) का पेट पाल रही थी। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि बाकी चारों बच्चे अभी अविवाहित हैं। मां की मदद के लिए दोनों बेटे भी मजदूरी करते हैं, लेकिन अब इस हादसे ने बच्चों के सिर से मां का साया भी हमेशा के लिए छीन लिया। बेटे ने बताया-ट्रक रॉन्ग साइड से आ रहा था वहीं महिला के बेटे जसवंत ने बताया कि उसकी मां सड़क बनाने का काम कर रही थी। इसी दौरान रॉन्ग साइड से ट्रक आया और मां को कुचल दिया। बेटे जसवंत के बयान के आधार पर अग्रोहा थाना पुलिस कार्रवाई करने में जुट गई है।
फैक्ट्री से निकले ट्रक ने महिला श्रमिक को कुचला:हिसार में हादसा, बेटे का रो-रोकर बुरा हाल, 20 साल संघर्ष कर बच्चों को पाला था
