कुलदीप बिश्नोई ने दिल्ली में वर्करों की मीटिंग बुलाई:BJP विधायक पनिहार नहीं पहुंचे, बोले-मुझे जानकारी नहीं, कुलदीप ने लिखा-स्वाभिमान से आगे बढ़ेंगे

Spread the love

हरियाणा BJP के कद्दावर नेता और पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई बगावती मूड में नजर आ रहे हैं। आज शुक्रवार को दिल्ली में उन्होंने अपने खास वर्करों की मीटिंग ली। मगर खास बात यह रही कि इस मीटिंग में भाजपा विधायक रणधीर पनिहार नहीं पहुंचे। कुलदीप ने इस बैठक की जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की है। आगे की राजनीति कैसे और किस तरह करेंगे इसके संकेत देने का प्रयास किया है। कुलदीप बिश्नोई ने लिखा कि वह भजनलाल के सपनों को पूरा करेंगे और हर कार्यकर्ता के सम्मान की रक्षा करेंगे। साथ ही उन्होंने स्वाभिमान की बात को जोर देकर अंत में वर्करों में मैसेज देने की कोशिश की है। वहीं इस बारे में रणधीर पनिहार ने कहा कि मुझे मीटिंग की जानकारी नहीं है। यह पार्टी की मीटिंग नहीं थी। कुलदीप जी अपने सिस्टम से मीटिंग बुलाते रहते हैं। वह मेरे अजीज हैं। कुलदीप बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर ये बात लिखीं मैं अपनापन देखकर भावुक हो गया आज नई दिल्ली स्थित आवास पर मेरे संघर्ष के अनेक साथियों का स्नेहपूर्ण आगमन हुआ। आप सभी के चेहरे पर वही पुराना अपनापन, वही अटूट विश्वास और वही स्वाभिमान के लिए समर्पण देखकर मन अत्यंत भावुक हो उठा। युगपुरुष चौधरी भजन लाल जी के मान-सम्मान और मेरे स्वाभिमान की रक्षा के लिए जिस प्रकार हर साथी ने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की, वह केवल समर्थन नहीं, बल्कि परिवार के प्रेम और विश्वास का प्रतीक है। कठिन समय में साथ दिया कठिन समय में जिस मजबूती, निष्ठा और भावनात्मक जुड़ाव के साथ आप सभी मेरे साथ खड़े रहे, उसने मुझे भीतर तक भावुक भी किया और नई ऊर्जा, शक्ति एवं आत्मविश्वास से भी भर दिया। मेरे लिए राजनीति से ऊपर हमेशा रिश्ते, सम्मान और साथियों का विश्वास रहा है। नेताओं, कार्यकर्ताओं और जानता का प्रेम, उनका समर्पण और उनका साथ ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। वर्करों को दिया ये मैसेज आप सभी का यह स्नेह मुझे हर परिस्थिति में जनसेवा, संघर्ष और स्वाभिमान की राह पर और अधिक मजबूती से आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। हम सब मिलकर युगपुरुष चौधरी भजन लाल जी के अधूरे सपनों को पूरा करने, हर कार्यकर्ता के सम्मान की रक्षा करने और जनता की आवाज को और मजबूती से बुलंद करने का संकल्प लेकर आगे बढ़ेंगे। “स्वाभिमान हमारा संकल्प है…और जनता का विश्वास हमारी सबसे बड़ी ताकत।” एक दिन पहले ही पूर्व सीएम का फोटो हटाया कुलदीप बिश्नोई हरियाणा भाजपा के सीनियर नेताओं से किनारा कर रहे हैं। इसके संकेत उन्होंने एक दिन पहले दिए थे, जब उन्होंने फेसबुक और एक्स हैंडल की कवर ईमेज से पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्‌टर का फोटो हटा दिया था। पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष का फोटो भी रिमूव किया इसके साथ ही भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे जेपी नड्‌डा का भी फोटो रिमूव कर दिया है। अब कवर ईमेज में सबसे आगे अपने पिता स्व. चौधरी भजनलाल का फोटो लगाया है, इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का फोटो लगाया है। मोदी और शाह के फोटो पहले की तरह कवर ईमेज में हैं, मगर नड्‌डा और खट्‌टर का फोटो हटाने को लेकर राजनीतिक चर्चाओं का बाजार गर्म है। बता दें कि, कुलदीप बिश्नोई अपने पिता चौधरी भजनलाल पर भाजपा सांसद रेखा शर्मा और प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली द्वारा की गई टिप्पणियों से आहत हैं। इन 3 नेताओं ने की थी पूर्वी सीएम पर टिप्पणी… रणजीत चौटाला की सभा में खट्टर ने सुनाया था किस्सा : केंद्रीय मंत्री और पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर 10 अप्रैल 2024 को भाजपा प्रत्याशी रणजीत चौटाला के लिए प्रचार करने हिसार आए थे। कैमरी गांव में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मनोहर लाल ने मंच से कुछ किस्से सुनाए जो हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्रियों से जुड़े थे। मनोहर लाल ने इशारों- इशारों में पूर्व सीएम को भ्रष्टाचारी बताया था। इसके बाद बिश्नोई परिवार ने चुनाव में उनसे दूरी बनाई और भाजपा प्रत्याशी चौटाला को हार का भी सामना करना पड़ा था। राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने भजनलाल को ‘बदमाश’ कहा : राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने पंचकूला में 24 अप्रैल को नगर निगम चुनाव के प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री नायब सैनी के सामने मंच से कहा था कि इस इलाके में भजनलाल और उनके बेटे चंद्रमोहन (कांग्रेस विधायक) की ‘बदमाशी’ थी। इन्होंने ‘बदमाशी करके’ चुनाव जीते थे। रेखा शर्मा के मुंह से बंसीलाल का नाम भी निकला था, लेकिन वे तुरंत रुक गईं। बड़ौली ने कहा था-जरूरी नहीं बाप जैसा बेटा हो : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने हिसार में कहा था चौधरी भजनलाल हरियाणा के लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे। यह जरूरी नहीं होता कि जैसा बाप हो बेटा भी वैसा ही हो। भजनलाल के बारे में रेखा शर्मा ने कोई व्यक्तिगत आरोप नहीं लगाया। वह चुनावी सभा थी। रेखा शर्मा के शब्दों के चयन में चूक हुई। कुलदीप बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अब इस बात को बढ़ाने का काम किया है। बड़ौली ने पूर्व सीएम का बिना आदर लिए भजनलाल कहा था।