कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के कंप्यूटर साइंस एंड एप्लीकेशन डिपार्टमेंट की लैब में शुक्रवार की दोपहर एयर कंडीशनर (AC) में ब्लास्ट होने के बाद आग लग गई । घटना के समय करीब 25 स्टूडेंट्स लैब में प्रैक्टिकल दे रहे थे। तेज धमाके के बाद लैब में अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही मिनटों में पूरा कमरा धुएं से भर गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते स्टूडेंट्स को बाहर निकाल लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। मौके पर फायर एग्जीक्यूटर से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। हालांकि तुरंत फायर ब्रिगेड विभाग को सूचना दी गई। करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने काबू पर मशक्कत के बाद काबू पाया। लैब में चल रहा प्रैक्टिकल विभाग के HOD प्रो. चंद्रकांत ने बताया कि घटना के समय लैब में प्रैक्टिकल चल रहा था। अचानक AC में ब्लास्ट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। उन्होंने और स्टाफ ने तुरंत लैब खाली करवाई और छात्रों को नीचे भेज दिया। इसके बाद फायर ब्रिगेड और सिक्योरिटी टीम को सूचना दी गई। लैब का सामान हुआ खाक करीब 15 से 20 मिनट के भीतर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक लैब के अंदर रखा काफी सामान जल चुका था। आग की वजह से AC, कंप्यूटर सिस्टम और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को नुकसान पहुंचा है। आग के बाद पूरी लैब धुएं से भर गई थी। शॉट सर्किट से लगी आग प्रो. चंद्रकांत के मुताबिक, शुरुआती जांच में AC में शॉर्ट सर्किट और अधिक गर्मी को हादसे की वजह माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि लैब में लगे कुछ AC पुराने थे। हाल के दिनों में विभाग में कई AC खराब भी हुए हैं। भीषण गर्मी के बीच लगातार लोड बढ़ने से यह हादसा हुआ हो सकता है। सिक्योरिटी भी मौके पर पहुंची घटना की सूचना मिलते ही यूनिवर्सिटी के अधिकारी और सुरक्षा विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे के बाद छात्रों और स्टाफ में दहशत का माहौल बना रहा। बाद में दूसरी लैब में हुआ प्रैक्टिकल प्रो. चंद्रकांत के बताया कि अधिकतर स्टूडेंट का रिटर्न वर्क और कंप्यूटर प्रैक्टिस हो चुकी थी। स्टूडेंट अपना वाइवा कर रहे थे। कुछ बच्चों का प्रैक्टिकल रहता था। घटना के बाद में उन बच्चों को दूसरी लैब में भेजकर प्रैक्टिकल लिया गया। गनीमत रही, इसमें कोई हताहत नहीं हुआ।
कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी की लैब में लगी आग:एयर कंडीशनर में अचानक हुआ ब्लास्ट, 25 स्टूडेंट्स दे रहे थे प्रैक्टिकल
