झज्जर के बहादुरगढ़ औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। प्लॉट नंबर-2224 स्थित क्लासिक कोल प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में अचानक बॉयलर फटने से जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद दो मंजिला फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। धमाके में बिल्डिंग का लेंटर भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के समय फैक्ट्री में कैमिकल और ग्लू बनाने का काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लेंटर गिरने से कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही फायर विभाग की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं। 4 मजदूरों को मलबे से निकाला, अस्पताल में भर्ती डीसीपी मयंक मिश्रा ने बताया कि अब तक 4 लोगों को मलबे से बाहर निकालकर सामान्य अस्पताल बहादुरगढ़ में भर्ती करवाया गया है। घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। 4-5 मजदूरों के दबे होने की आशंका प्रशासन के अनुसार फैक्ट्री के अंदर अभी भी 4 से 5 मजदूरों के दबे होने की आशंका है। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। हादसे के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
बहादुरगढ़ में बॉयलर फटने से फैक्टी में धमाका:आग लगी, लेंटर गिरने से मलबे में दबे मजदूर, 4 निकाले, 5 के दबे होने की आशंका
