यूपी की यूनिवर्सिटी-कॉलेजों में ड्रेस कोड लागू होगा:राज्यपाल ने कहा- स्टूडेंट्स के बीच भेदभाव कम होगा

Spread the love

उत्तर प्रदेश के सभी यूनिवर्सिटी-कॉलेज में भी ड्रेस कोड लागू किया जाएगा। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने निर्देश दिए हैं। 21 मई (गुरुवार) को जन भवन में हुई समीक्षा बैठक में ये फैसला लिया गया। बैठक में जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया से जुड़े सरकारी और एडेड कॉलेजों की व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई। इसी दौरान ड्रेस कोड लागू करने पर सहमति बनी। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि स्कूलों की तरह कॉलेज और यूनिवर्सिटी में भी ड्रेस कोड लागू होना चाहिए। इससे छात्रों के बीच अमीरी-गरीबी या सामाजिक भेदभाव की भावना कम होगी। सभी स्टूडेंट एक जैसी ड्रेस में नजर आएंगे तो बराबरी का माहौल बनेगा। अभी तक कॉलेज और यूनिवर्सिटी में ड्रेस कोड लागू नहीं था। स्कूल खत्म होने के बाद स्टूडेंट अपनी पसंद के कपड़े पहनते थे, लेकिन अब उन्हें कॉलेज में भी तय ड्रेस पहननी पड़ सकती है। लड़कियों को रोजगार से जोड़ने पर जोर बैठक में राज्यपाल ने लड़कियों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि नए सत्र से कॉलेजों में रोजगार से जुड़े कोर्स शुरू किए जाएं, ताकि छात्राएं पढ़ाई के साथ काम भी सीख सकें। इसके लिए ब्यूटीशियन ट्रेनिंग, मेहंदी, GST, अकाउंटिंग, बिंदी बनाने और बाजरा आधारित फूड तैयार करने जैसे कोर्स शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। महिला हॉस्टल की सुरक्षा सुधारने के निर्देश राज्यपाल ने महिला कॉलेजों के हॉस्टल की व्यवस्था बेहतर करने और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने को भी कहा। उन्होंने कहा कि छात्राओं को सही मार्गदर्शन मिलना चाहिए, ताकि वे गलत या असामाजिक गतिविधियों से दूर रहें। इसके साथ ही कॉलेजों में ऐसी समिति बनाने के निर्देश भी दिए गए, जहां छात्राएं अपनी समस्याएं खुलकर बता सकें। —————- ये खबर भी पढ़ें… यूपी में कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 2% बढ़कर 60% हुआ: पेंशनर्स का भी बढ़ाया गया; जनवरी-2026 से मिलेगा एरियर यूपी सरकार ने राज्य कर्मचारियों और पेंशनर्स का महंगाई भत्ता (DA) 2 प्रतिशत बढ़ा दिया है। अब 58 प्रतिशत की जगह 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। प्रदेश में 16 लाख राज्य कर्मचारी और 12 लाख पेंशनर्स हैं। इस तरह से कुल 28 लाख कर्मचारियों को इसका फायदा मिलेगा। पढ़ें पूरी खबर…