पानीपत जिले के एक सरकारी स्कूल में तैनात एक लेडी टीचर ने अपने ही सहकर्मी पीटीआई टीचर पर लंबे समय से मानसिक प्रताड़ना देने, अभद्र टिप्पणियां करने और गलत तरीके से छूने की कोशिश करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला शिक्षिका की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, वह एक सरकारी स्कूल में हिंदी पीजीटी के पद पर कार्यरत है। इसी स्कूल में आरोपी दिनेश कुमार शारीरिक शिक्षा के प्रवक्ता के रूप में तैनात है। आरोप है कि आरोपी दिनेश कुमार अगस्त-सितंबर 2023 से ही महिला शिक्षिका को लगातार परेशान कर रहा था। आरोपी द्वारा कभी महिला पर अभद्र टिप्पणियां की जाती थीं, तो कभी अश्लील इशारे किए जाते थे। इतना ही नहीं, आरोपी स्कूल परिसर में महिला को गलत तरीके से घूरता था और कई बार उसने गलत तरीके से छूने की कोशिश भी की। माफी मांगने के बाद भी नहीं सुधरा आरोपी पीड़िता ने बताया कि लगातार हो रही मानसिक यातना से तंग आकर उन्होंने फरवरी 2025 में स्कूल प्रशासन को लिखित शिकायत दी थी। उस दौरान स्कूल प्रबंधन के हस्तक्षेप के बाद आरोपी दिनेश कुमार ने अपनी गलती मानते हुए लिखित में माफी मांग ली थी और भविष्य में ऐसी घिनौनी हरकत न करने का वादा किया था। लेकिन कुछ समय शांत रहने के बाद आरोपी ने अपनी हरकतें फिर शुरू कर दीं। वह लगातार महिला के आसपास आने और अश्लील इशारे करने के मौके ढूंढता रहता था। 8 मई को फिर की घिनौनी हरकत हद तो तब हो गई जब बीते 8 मई को आरोपी दिनेश कुमार ने स्कूल के भीतर फिर से महिला के साथ अश्लील हरकत की। इसकी शिकायत एक बार फिर स्कूल प्रशासन से की गई। महिला शिक्षिका ने अपनी आपबीती में बताया कि इस लगातार हो रही प्रताड़ना और अश्लील हरकतों के कारण उनकी सामाजिक छवि और निजी जिंदगी पूरी तरह प्रभावित हो रही है। वह लंबे समय से भारी मानसिक तनाव से गुजर रही है।
पानीपत के सरकारी स्कूल में लेडी टीचर से छेड़छाड़:पीटीआई शिक्षक 10 महीने से कर रहा बेड टच; लिखित मांगने के बावजूद नहीं सुधरा
