लखनऊ जिला कोर्ट के आसपास हुए अवैध कब्जों को नगर निगम टीम हटा रही है। रविवार को बड़ा बुलडोजर एक्शन देखने को मिला। इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के बाद नगर निगम की टीम ने कोर्ट परिसर के बाहर बने अवैध चैंबरों और दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान 100 से अधिक वकीलों के चैंबरों पर बुलडोजर चलाया गया, जबकि कुल करीब 240 अवैध कब्जों को हटाने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्रवाई के दौरान नगर निगम के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और पूरे अभियान की निगरानी करते दिखे। वहीं, किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया था।
नगर निगम की इस कार्रवाई का वकीलों ने विरोध भी किया। कई वकील मौके पर इकट्ठा होकर बुलडोजर एक्शन के खिलाफ नाराजगी जताते नजर आए। उनका कहना है कि बिना पर्याप्त वैकल्पिक व्यवस्था के इस तरह की कार्रवाई से उनके कामकाज पर सीधा असर पड़ेगा।
अधिकारियों के मुताबिक, कोर्ट परिसर के आसपास लंबे समय से अवैध कब्जों की शिकायतें मिल रही थीं, जिससे आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। इसी को देखते हुए उच्च न्यायालय के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है।
फिलहाल प्रशासन का कहना है कि अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक सभी चिन्हित अवैध कब्जों को पूरी तरह हटा नहीं दिया जाता।
लखनऊ कोर्ट के बाहर तोड़े जा रहे वकीलों के चैंबर:वकीलों का भारी विरोध, पुलिस ने खदेड़ा
