झज्जर जिले के सुबाना गांव में हुए चर्चित हितेश उर्फ गुल्लू हत्याकांड में पुलिस जांच तेज हो गई है। शनिवार को नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पोस्टमार्टम से सामने आया है कि हितेश के शरीर से एक गोली बरामद हुई, बताया जा रहा हैं कि 9 गोलियां शरीर को आर-पार कर गईं और 3 गोलियां शरीर को छुकर निकलीं। घटनास्थल पर सीसीटीवी में दिखाई दे रहा हैं कि कार में बैठे हितेश पर करीब तीस गोलियां मारी गई थी। जिसके कार के कांच भी टूट गए थे। हितेश के शरीर पर कांच भी घूसे हुए थे। जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 11 बजे हितेश उर्फ गुल्लू अपने घर के बाहर मौजूद था। इसी दौरान बलेनो गाड़ी में सवार होकर आए 3 से 4 युवकों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने करीब 30 राउंड फायर किए। गंभीर रूप से घायल हितेश की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई। घटना की CCTV फुटेज भी सामने आई है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि हितेश अपने एक साथी के साथ घर से निकलकर सड़क किनारे खड़ी स्विफ्ट गाड़ी में बैठता है। इसी दौरान कोसली की तरफ से एक कार आती है, जिसमें से युवक उतरते हैं और सीधे कार पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर देते हैं। हितेश के साथ मौजूद दूसरा युवक मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। पुलिस जांच में पुरानी रंजिश का एंगल सामने आ रहा है। पुलिस के अनुसार मृतक और आरोपियों के बीच पहले भी विवाद और फायरिंग की घटनाएं हो चुकी थीं। इसी रंजिश के चलते हत्या को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। मामले में माछरौली थाना पुलिस ने हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। ACP शमशेर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम यूनिट, थाना पुलिस, CIA और STF की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। हर टीम को अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है और आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
झज्जर सुबाना गोलीकांड: हितेश उर्फ गुल्लू को 13 गोलियां लगीं:शरीर से एक गोली बरामद, 9 गोलियां शरीर के आर-पार कर गईं, 3 गोलियां शरीर को छुकर निकलीं
