यमुनानगर में भ्रूण लिंग जांच अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़:UP ले जाकर जुडवा बच्चों का लिंग बताया, डिकोय ऑपरेशन में दो आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

यमुनानगर स्वास्थ्य विभाग की पीएनडीटी टीम ने भ्रूण लिंग जांच के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए डिकोय ऑपरेशन में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई का नेतृत्व पीएनडीटी नोडल अधिकारी डॉ. विपिन गोंदवाल ने किया। जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक गर्भवती महिला को डिकोय ग्राहक बनाकर आरोपियों के संपर्क में भेजा। शुरुआत में महिला को पांजूपुर क्षेत्र में बुलाया गया, जहां उसे कई घंटे तक इंतजार कराया गया। इसके बाद आरोपी उसे उत्तर प्रदेश के अंबेटा चांदपुर स्थित एक मकान में ले गए। एक बच्चे का लिंग बताने के मांगे 30 हजार वहां आरोपियों ने महिला की जांच कर गर्भ में जुड़वा बच्चे होने की बात कही। आरोप है कि एक बच्चे का लिंग बताने के बदले 30 हजार रुपये लिए गए, जबकि दूसरे बच्चे का लिंग बताने के लिए अलग से रकम मांगी गई। डिकोय महिला द्वारा सूचना दिए जाने के बाद पीएनडीटी टीम ने पूरी योजना के तहत दोबारा कार्रवाई की। आरोपी महिला को यूपी के देवबंद क्षेत्र में एक अन्य स्थान पर लेकर पहुंचे, जहां पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन, टैबलेट और वाई-फाई डिवाइस की मदद से जांच की गई। इसी दौरान आरोपियों ने गर्भ में लड़का होने की जानकारी दी। दोनों आरोपी यूपी के रहने वाले पहले से निगरानी कर रही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर तुरंत दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान देवबंद के गांव बंधेड़ा निवासी अजीम तथा अंबेटा चांदपुर निवासी बीना उर्फ सुमन के रूप में हुई है। टीम ने मौके से पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, टैबलेट और अन्य सामग्री भी कब्जे में ले ली। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।