भास्कर अपडेट्स:कांग्रेस नेता सोनिया गांधी गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती

Spread the love

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को बुंधवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के मुताबिक, उनका छोटा मेडिकल प्रोसीजर होना है। इससे पहले मार्च में भी उनकी तबीयत बिगड़ने पर दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल में भर्ती काराया गया था। उस समय उन्हें कुछ दिनों तक डॉक्टरों की टीम की निगरानी में रखा गया था। आज की अन्य बड़ी खबरें… महाराष्ट्र के बारामती में ट्रेनी विमान क्रैश, खेत में इमरजेंसी लैंडिंग; पायलट सुरक्षित महाराष्ट्र के बारामती में एयरपोर्ट के पास टू सीटर ट्रेनी एयरक्राफ्ट बुधवार सुबह क्रैश हो गया। प्लेन में खराबी आने के बाद उसकी खेत में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। घटना में एयरक्राफ्ट सवार पायलट के सुरक्षित होने की बात कही जा रही है। सुवेंदु अधिकारी के PA मर्डर केस में CBI की FIR, हत्या के पीछे साजिश और संगठित अपराध का एंगल पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट (PA) चंद्रनाथ रथ मर्डर केस में CBI ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एजेंसी इस हत्या को सुनियोजित साजिश और संगठित अपराध के एंगल से जांच रही है। CBI ने चंद्रनाथ रथ के भाई की शिकायत के आधार पर FIR दर्ज की है। शिकायत के मुताबिक, कई लोगों ने पेशेवर तरीके से साजिश रचकर हत्या को अंजाम दिया है। CBI और सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (CFSL) की टीम मंगलवार को उत्तर 24 परगना के मध्यग्राम स्थित घटनास्थल पर पहुंची। उन्होंने घटनास्थल की जांच की। बंगाल चुनाव नतीजों के दो दिन बाद, 6 मई को नॉर्थ 24 परगना के मध्यमग्राम में 42 साल के चंद्रनाथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावर ने उनकी कार रोककर कई राउंड फायरिंग की, जिसमें उन्हें सीने और पेट में तीन गोलियां लगीं। नासिक के अशोक खरात केस में NCP नेता रुपाली चाकणकर को ED का समन प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने NCP (अजित पवार गुट) नेता रुपाली चाकणकर को अशोक खरात उर्फ ‘भोंदू बाबा’ से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में समन भेजा है। एजेंसी ने उन्हें इसी हफ्ते पूछताछ के लिए पेश होने को कहा है। इससे पहले ED रुपाली चाकणकर की बहन से भी पूछताछ कर चुकी है। यह मामला महाराष्ट्र के नासिक में दर्ज उस केस से जुड़ा है, जिसमें अशोक खरात पर धार्मिक आस्था का फायदा उठाकर महिलाओं का यौन शोषण, उगाही और ठगी के आरोप हैं। ED मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत जांच कर रही है। एजेंसी के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि अशोक खरात ने नासिक की दो कोऑपरेटिव क्रेडिट सोसायटी में दूसरे लोगों के नाम पर कई बैंक खाते खुलवाए, लेकिन उनका कंट्रोल खुद रखा। वह आम चीजों को ‘चमत्कारी’ बताकर बेचता था, लोगों से बड़ी रकम वसूलता था। विदेश से सोना-चांदी मंगाना महंगा, सरकार ने ड्यूटी बढ़ाई केंद्र सरकार ने सोना-चांदी समेत कुछ कीमती धातुओं पर आयात शुल्क बढ़ा दिया है। वित्त मंत्रालय ने मंगलवार रात नई दरें लागू कर दी। सोने-चांदी से जुड़े कुछ आयातित सामानों पर कस्टम ड्यूटी 4.35% से बढ़ाकर 10%, आभूषण बनाने में इस्तेमाल होने वाले छोटे हिस्सों (फाइंडिंग्स) पर 5% आयात शुल्क लगेगा। इस फैसले से विदेश से सोना-चांदी और ज्वेलरी से जुड़ा कच्चा माल मंगाना महंगा हो सकता है। दिल्ली यूनिवर्सिटी के सेंट स्टीफंस कॉलेज में 145 साल में पहली महिला प्रिंसिपल सेंट स्टीफंस कॉलेज ने अपने 145 साल के इतिहास में पहली बार किसी महिला को प्रिंसिपल नियुक्त किया है। कॉलेज की सुप्रीम काउंसिल ने प्रो. सुसान एलियास को संस्थान के 14वें प्रिंसिपल के रूप में चुना है। वे 1 जून को कार्यभार ग्रहण करेंगी। वे मार्च 2016 से प्रिंसिपल के पद पर काबिज प्रो. जॉन वर्गीज की जगह लेंगी। साल 1881 में स्थापित इस संस्थान में अब तक 13 पुरुष प्रिंसिपल रह चुके हैं।