भारत की सनातन संस्कृति, आस्था, स्वाभिमान एवं गौरवशाली इतिहास को समर्पित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के उपलक्ष्य में आज (सोमवार) को जिला स्तरीय कार्यक्रम का जीटी रोड स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में हरियाणा राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बोर्ड के चेयरमैन अमरपाल राणा बतौर चीफ गेस्ट उपस्थित रहेंगे। वहीं, रतिया के कांग्रेस विधायक जरनैल सिंह भी विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे। यह दूसरा मौका है, जब रतिया विधायक को सरकारी कार्यक्रम में बतौर मेहमान बुलाया गया है। बता दें कि, राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के मामले में नाम आने के बाद से जरनैल सिंह को लगातार सरकारी कार्यक्रमों में तवज्जो मिल रही है। जानिए… क्या रहेगा कार्यक्रम जानकारी देते हुए सीटीएम गौरव गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम से पहले सुबह 9.30 बजे जाट धर्मशाला से दुर्गा मंदिर परिसर तक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे। इसके बाद सुबह 10 बजे शिवलिंग पर जलाभिषेक के साथ जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान सोमनाथ मंदिर के इतिहास पर आधारित प्रदर्शनी, भजन प्रस्तुति, ॐ कार मंत्र जाप तथा सोमनाथ से जुड़ी कथाओं का वाचन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सोमनाथ मंदिर से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का कुरुक्षेत्र से सीधा प्रसारण भी कार्यक्रम के दौरान दिखाया जाएगा। सोमनाथ मंदिर नवनिर्माण के 75 वर्ष हुए पूरे सीटीएम ने आग्रह किया कि सोमनाथ नवनिर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के इस ऐतिहासिक एवं स्वर्णिम अवसर पर शहरवासी अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएं तथा भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत एवं सनातन परंपराओं से जुड़ने का संदेश दें।
फतेहाबाद में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर कार्यक्रम आज:चेयरमैन अमरपाल राणा और रतिया विधायक होंगे मेहमान; प्रदर्शनी में दिखेगा इतिहास
