पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह को गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे जान से मारने की धमकी दी गई। यह धमकी पंडित शंकर दत्त शुक्ला नाम के व्यक्ति ने अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट करके दी। पोस्ट में उसने लिखा- यह शंकर दत्त शुक्ला ने आज तक जो बोला है, वो किया है और करने वाले हैं। पूरे सिस्टम को आग लगा देंगे। नेता बृजभूषण शरण सिंह को खुल्लम-खुल्ला दागेंगे। सिस्टम ऐसे नहीं चलता है। शिकायत के बाद गोंडा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बृजभूषण कैसरगंज सीट से भाजपा सांसद रह चुके हैं। धमकी देने वाले ने खुद को भाजपा नेता बताया फेसबुक पर धमकी देने वाले युवक ने खुद को भारतीय जनता पार्टी का युवा नेता बताया है। उसकी फेसबुक प्रोफाइल पर निवास स्थान अयोध्या दिखाया गया है। यह पोस्ट शाम 6:30 बजे की गई है। कैसरगंज सांसद प्रतिनिधि संजीव सिंह ने इसकी शिकायत दी है। संजीव सिंह ने बताया कि उन्हें फेसबुक पोस्ट मिली है। इसमें पंडित शंकर दत्त शुक्ला ने बृजभूषण शरण सिंह को ‘दागने’ की धमकी दी है। पुलिस को शिकायत देकर धमकी देने वाले के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। हालांकि नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि अभी तक कोई भी शिकायती पत्र हमारे पास नहीं आया है। पत्र आने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। दैनिक भास्कर ने धमकी देने वाले शंकर दत्त शुक्ला से बात की, पढ़िए… सवाल: आपने बृजभूषण सिंह को क्या लिखा था?
शंकर दत्त शुक्ला: हमने बृजभूषण शरण सिंह को ठीक लिखा है, क्यों न लिखें? राम मंदिर आंदोलन में हमारे बाबा उनका समर्थन करते थे। अटलजी के साथ भी हमारे बाबा रहते थे। मैं किसी मजबूरी में फंसा हूं। सोचता हूं कि नेताजी बृजभूषण शरण सिंह के जरिए हमारा काम हो जाएगा। बृजभूषण ने हमारा एक भी फोन नहीं उठाया। उनके आदमी ने फोन उठाया तो कह रहा है कि नेताजी नहीं हैं। ऐसा किसी को बोलना चाहिए? हमारे बाबा का नाम राम कुबेर शुक्ला है। मैं इटियाथोक थाना क्षेत्र के गिलौली गांव का रहने वाला हूं। सवाल: आपने फेसबुक पर क्यों लिखा कि हम दाग देंगे?
शंकर दत्त शुक्ला: भाई, हमको गुस्सा लगा तो हमने फेसबुक पर लिख दिया। मैं लगातार 2 महीने से उनको फोन कर रहा हूं कि मेरी समस्या हल हो जाए। कुछ जमीन से जुड़ा मामला था। हमने ही फेसबुक पर लिखा था। हमें किसी चीज की परेशानी है, इसलिए मैं उनके पास कॉल कर रहा हूं। हमारी बृजभूषण शरण सिंह से कोई दुश्मनी नहीं है कि हम उनको दाग देंगे। सवाल: फेसबुक पर लिखने के लिए किसी ने कहा था या खुद लिखा था?
शंकर दत्त शुक्ला: कुछ हमारा आपसी मामला है। या तो वह हमको दाग दें या हम उनको दाग देंगे। जब जनता की सुनवाई नहीं होगी, तो आदमी क्या करेगा? मेरी बात आप उन तक पहुंचा दीजिएगा। अगर हम उनको नहीं देख पाएंगे, तो वह हमको ही दाग दें। यह बात बृजभूषण सिंह तक पहुंचा दीजिए कि ऐसा मामला है। चलिए भाई, गलती हो गई। मैं कान पकड़ रहा हूं। पहले भी मिल चुकी है धमकी बात 14 जून की है। बृजभूषण के बेटे और भाजपा विधायक प्रतीक भूषण क्षेत्र के दौरे पर थे। दोपहर 2:22 बजे उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आई थी। कॉल रिसीव करते ही दूसरी तरफ से युवक ने कहा था- क्या प्रतीक भूषण बोल रहे हो? सुनो, तुम्हें और तुम्हारे पिता बृजभूषण सिंह को जान से मार दूंगा। इसका इंतजाम हो चुका है। अगर खुद को बचा सकते हो तो बचा लो। कॉल करीब 35 सेकेंड तक चली थी। धमकी देने के बाद युवक ने फोन काट दिया था। इसके बाद प्रतीक भूषण ने गोंडा के एसपी विनीत जायसवाल को यह बात बताई थी। सूचना मिलते ही एसपी ने कार्रवाई के निर्देश दिए थे। नगर कोतवाली पुलिस की जांच में सामने आया था कि धमकी देने वाला युवक मानसिक बीमार है। उसकी पहचान राजस्थान के अलवर जिले के रहने वाले संदीप शर्मा के रूप में हुई थी। उसका इलाज जयपुर के एसएमएस हॉस्पिटल मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। वह पहले भी कई जनप्रतिनिधियों के मोबाइल नंबर निकालकर उन्हें धमकी दे चुका है। उसके खिलाफ कई जगह केस दर्ज हैं। ——————————– ये खबर भी पढ़ें… मूक बधिर बच्ची को मां से मिलवाकर रोने लगी सिपाही, कानपुर में बोली- दो बेटे, बेटी नहीं है, उसमें मेरी बेटी दिखी…सोचा था पालूंगी यूपी के कानपुर में 8 साल की मूक-बधिर बच्ची को महिला कॉन्स्टेबल मंदाकिनी ने उसकी मां से मिलवाया। बच्ची मां को देखते ही खिलखिला उठी। झट से उन्हें गले लगा लिया। मां-बेटी का प्यार देख कॉन्स्टेबल मंदाकिनी भावुक हो गईं। उनकी आंखों से आंसू छलक गए। पढ़ें पूरी खबर…
बृजभूषण सिंह को जान से मारने की धमकी:गोंडा में युवक ने लिखा- खुल्लम-खुल्ला दागेंगे, पूरे सिस्टम को आग लगा देंगे
