कैथल में चीका नगर पालिका के सचिव निलंबित:रजिस्टर गायब और फर्जी भुगतान के आरोप, डीएमसी ने की पुष्टि

Spread the love

कैथल जिले में चीका नगर पालिका के सचिव जितेंद्र कुमार को विकास कार्यों में अनियमितताएं बरतने के आरोप में निलंबित किया गया है। सचिव को निलंबित करने की पुष्टि डीएमसी कैथल कपिल कुमार ने की। उन्हें ईमेल के माध्यम से सचिव के सस्पेंड होने की सूचना मिली। सचिव को निलंबित करने के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं लग पाया है, लेकिन अनुमान है कि उनके द्वारा करवाए गए विकास कार्यों में अनियमितताएं मिली हैं। लंबे समय से पालिका का रजिस्टर गायब बता दें कि वार्ड नंबर 2 के पार्षद दलबीर सीड़ा ने सचिव जितेंद्र कुमार के खिलाफ शिकायत करने की बात कही है। दलबीर सीड़ा ने बताया कि पिछले लंबे समय से पालिका का रजिस्टर नंबर 35 गायब है। बार बार मांग करने के बावजूद सचिव उक्त रजिस्टर को उनके सामने नहीं ला रहा था। दलबीर सीड़ा ने कहा कि सचिव जानते थे कि इसी रजिस्टर में विकास कार्यों में किए गए भ्रष्टाचार के राज छुपे है और यदि रजिस्टर सामने आया तो ये राज खुल जाएंगे। नहीं हुआ गली निर्माण दलबीर सीड़ा ने कहा कि गत वर्ष वार्ड नंबर 2 और वार्ड नंबर 15 में गलियों के निर्माण के नाम पर नगर पालिका द्वारा ठेकेदारों को लाखों रुपए का भुगतान किया गया था, जबकि असल में वहां पर किसी भी गली का निर्माण नहीं किया गया था। दलबीर सीड़ा ने बताया कि इस मामले की उन्होंने विजिलेंस से जांच करवाई तो सचिव ने साइटों के साथ छेड़छाड़ कर सबूतों को मिटाने के प्रयास करने के साथ साथ जांच के लिए विजिलेंस को रिकार्ड उपलब्ध नहीं करवाया। पौधे व ट्री गार्ड लगवाने के नाम पर बिल पास सीड़ा ने आरोप लगाया कि इसके अलावा सचिव जितेंद्र कुमार ने शहर में पौधे व उनके ऊपर ट्री गार्ड लगवाने के नाम लाखों रुपए के बिल पास करवाए है, जबकि वास्तव में न तो पौधे लगाए गए और न ही ट्री गार्ड लगे। दलबीर सीड़ा ने बताया कि इन्हीं मामलों की जांच के लिए उन्होंने अन्य पार्षदों के साथ गत 12 फरवरी को विभाग के मंत्री विपुल गोयल और एसीएस को शिकायत की थी। पार्षद दलबीर सीड़ा ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होगी तो चीका नगर पालिका में विकास के नाम पर करोड़ों रुपए का घोटाले सामने आ सकते है। इस बारे में सचिव जितेंद्र कुमार से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि उनके पास भी सिर्फ ईमेल आई है। सस्पेंशन का कोई कारण इसमें नहीं बताया गया है।