पानीपत में शादी के बाद पति निकला गांजा तस्कर:अवैध संबंधों के विरोध पर विवाहिता को पीटा, घर से निकाला; दूसरे निकाह की धमकी

Spread the love

पानीपत शहर के थाना सेक्टर-29 क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का एक मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने अपने पति, सास-ससुर और ननंदों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और पति के अन्य महिला के साथ अवैध संबंध होने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मध्यस्थता केंद्र की रिपोर्ट के आधार पर पति सहित 6 ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। निकाह के कुछ दिन बाद प्रताड़ना शुरू पानीपत के नांगलखेड़ी क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका निकाह अगस्त 2024 को उत्तर प्रदेश के शामली निवासी व्यक्ति के साथ हुआ था। निकाह में उसके माता-पिता ने अपनी हैसियत से बढ़कर करीब 3 लाख रुपए और दान-दहेज दिया था। आरोप है कि निकाह के कुछ दिन बाद ही उसका पति, ससुर, सास और ननंदें उसे कम दहेज के लिए तंग करने लगे। बाइक और सोने की चेन की मांग पीड़िता के अनुसार, ससुराल पक्ष ने उससे नई बाइक, ससुर के लिए सोने की चेन और सास-ननंदों के लिए सोने की अंगूठी की मांग की। जब पीड़िता ने मायके की मजबूरी जाहिर की, तो ससुरालियों ने उसे बुरी तरह पीटा और इलाज तक नहीं करवाया। सितंबर 2024 में उसे पहली बार घर से निकाल दिया गया था। जिसके बाद बिरादरी की पंचायत के जरिए वह वापस ससुराल गई। पति पर अन्य महिला से संबंध का आरोप शिकायत में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि दिसंबर 2024 में पीड़िता के पति को पुलिस ने नशीले पदार्थ (गांजा) बेचने के आरोप में जेल भेज दिया था। तब उसे पता चला कि उसका पति आपराधिक पृष्ठभूमि का है। जमानत पर बाहर आने के बाद पति का व्यवहार और क्रूर हो गया। फरवरी 2025 में पीड़िता ने पति के मोबाइल में एक अन्य महिला के साथ आपत्तिजनक तस्वीरें देखी, जिससे उसे उनके अवैध संबंधों का पता चला। विरोध करने पर उसे फिर से पीटा गया और धमकी दी गई कि उसे घर से निकालकर पति उस दूसरी महिला से निकाह कर लेगा। जमानत के लिए मांगे पैसे आरोप है कि जनवरी 2025 में ससुरालियों ने पति की जमानत के लिए मायके से 50 हजार रुपए लाने का दबाव बनाया, जिसमें से बड़ी मुश्किल से उसके पिता ने 20 हजार रुपए दिए। अप्रैल 2025 में पति उसे बिना बताए दूसरी महिला के साथ दिल्ली रहने लगा और ससुर उसे मारपीट कर मायके छोड़ आए। अब ससुराल पक्ष धमकी दे रहा है कि यदि बिना मांग पूरी किए घर आई, तो उसे जान से मार देंगे। मामले की जांच में जुटी पुलिस मामला पहले महिला परामर्श केंद्र और फिर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मध्यस्थता केंद्र भेजा गया था, लेकिन वहां दोनों पक्षों में सुलह नहीं हो सकी। 5 मई को पुलिस ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की।