हरियाणा के महेंद्रगढ़ में सीएम फ्लाइंग और एनसीईआरटी की संयुक्त टीम ने कई बुक डिपो पर छापेमारी की। इस दौरान एक बुक डिपो से 73 नकली NCERT किताबें जब्त की। इन किताबों पर NCERT का वॉटरमार्क नहीं था। पुलिस ने बुक डिपो संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को सीएम फ्लाइंग रेवाड़ी के एसआई सुरेंद्र सिंह की अगुवाई में NCERT के उपप्रकाश सहायक मनोज कुमार और नारनौल विभाग की संयुक्त टीम ने महेंद्रगढ़ शहर में छापेमारी की। टीम ने पहले वेद बुक डिपो की जांच की, जहां सभी किताबें सही पाई गईं। वॉटरमार्क नहीं मिला इसके बाद गुप्त सूचना के आधार पर देवीलाल पार्क स्थित बालाजी बुक डिपो (ट्रेडर्स) का निरीक्षण किया गया। यह दुकान जाटावास निवासी बलजीत की है। बालाजी बुक डिपो में कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं की विभिन्न विषयों की कुल 73 किताबें नकली पाई गईं। इन किताबों पर NCERT का वॉटरमार्क मौजूद नहीं था, जिससे उनकी प्रामाणिकता संदिग्ध हो गई। सभी किताबों को किया जब्त नकली पाई गई सभी किताबों को जब्त कर लिया गया। इसकी सूचना थाना शहर महेंद्रगढ़ को दी गई, जिसके बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कॉपीराइट एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत बुक डिपो संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि जिले में निजी स्कूलों और बुक डिपो पर चेकिंग जारी रहेगी।
महेंद्रगढ़ में NCERT की नकली किताबें जब्त:CM फ्लाइंग की रेड में वॉटरमार्क नहीं मिला, कॉपीराइट एक्ट के तहत कार्रवाई
