अवैध संबंधों के शक में पत्नी की हत्या:यमुनानगर में पति ने झगड़े के बाद गला दबाया, एक दिन घर में पड़ी रही लाश

Spread the love

हरियाणा के यमुनानगर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। व्यक्ति ने खुद पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पहुंचाया। जांच में सामने आया कि व्यक्ति अपनी पत्नी पर अवैध संबंधों का शक करता था। रविवार रात को ही झगड़े के बाद उसने हत्या कर दी थी। एक दिन उसका शव घर पर ही पड़ा रहा। मृतका दो बेटों की मां थी और उत्तर प्रदेश के बलिया की रहने वाली थी। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचित कर दिया है। उनके आने के बाद पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। वहीं आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। 2013 में दोनों ने लव मैरिज की मृतका की पहचान नीलम (35) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया की रहने वाली थी। उसने वर्ष 2013 में गाजीपुर निवासी संतोष के साथ लव मैरिज की थी। शादी के बाद उनके दो बेटे हुए—एक 8 साल का और दूसरा 6 साल का है। करीब 8 साल पहले दोनों यमुनानगर के सादिपुर में आकर किराए के मकान में रहने लगे थे। संतोष पास ही एक प्लाईवुड फैक्ट्री में काम करता है। महिला की हत्या पर SHO की 2 बातें… सोमवार रात 2 बजे पुलिस को सूचना मिली सदर थाना प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि उन्हें रात करीब दो बजे सूचना मिली कि सादिपुर में एक महिला की उसके पति ने हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही वे टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां पहुंचने पर देखा कि महिला का शव कमरे में पड़ा हुआ था। रविवार रात को झगड़े के बाद गला दबाया उन्होंने बताया कि महिला के शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल, यमुनानगर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने संतोष को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने बताया कि रविवार रात के समय दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, जिसके बाद उसने पत्नी नीलम का गला दबा दिया। हम इस खबर को लगातार अपडेट कर रहे हैं…