हरियाणा में BJP पार्टी में मचे सियासी घमासान को रोकने के लिए लग गई है। रेखा शर्मा और कुलदीप बिश्नोई विवाद को भाजपा अब सुलझाने में लगी है। पूर्व सीएम एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के हस्तक्षेप के बाद भाजपा ने नोटिस देने का इरादा फिलहाल टाल दिया है। बड़ौली ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया “अभी कुलदीप विदेश में हैं उनके आने के बाद पूरे मैटर में बातचीत की जाएगी। इसके बाद ही इसमें आगामी कार्रवाई की जाएगी। वहीं सोनीपत पहुंचे मनोहर लाल ने मामले में भाजपा लीडरशिप को बयानबाजी से बचने की सलाह दी है। वहीं रेखा शर्मा के बयान को खट्टर ने व्यक्तिगत बताया है और इसमें पार्टी की भूमिका से इनकार किया है। सोनीपत पहुंचे खट्टर ने कहा कि “रेखा शर्मा का बयान व्यक्तिगत था, पार्टी का इससे कोई लेना-देना नहीं है”। वहीं, बिश्नोई के वीडियो मामले में उन्होंने कहा कि, “अधिकारी बातचीत कर रहे हैं, जल्द ही विवाद सुलझा लिया जाएगा। बड़ौली ने पहले कहा था- नोटिस जारी होगा वहीं इससे पहले अंबाला में पत्रकारों से बातचीत हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा था “चौधरी भजनलाल हरियाणा के लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे। यह जरूरी नहीं होता कि जैसा बाप हो बेटा भी वैसा ही हो। चौधरी भजनलाल के बारे में रेखा शर्मा ने कोई व्यक्तिगत आरोप नहीं लगाया। वह चुनावी सभा थी। रेखा शर्मा के शब्दों के चयन में चूक हुई। कुलदीप बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अब इस बात को बढ़ाने का काम किया है। उनको नोटिस जारी किया जाएगा। बड़ौली के बयान के बाद कुलदीप बिश्नोई ने कहा- कागज के टुकड़ों वाले नोटिस से मैं डरने वाला नहीं है। मैं चौ. भजनलाल का बेटा हूं और ऐसे नोटिसों की परवाह नहीं करता। रेखा शर्मा ने कहा था- बदमाशी करके इलेक्शन जीते पंचकूला निकाय चुनाव के प्रचार के दौरान भाजपा की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने मंच से कहा, “श्यामलाल बंसल ने वो समय भी देखा है, जब यहां पर कांग्रेस की बदमाशी थी। जब यहां भजनलाल और चंद्रमोहन की बदमाशी थी। पूरी तरह बदमाशी करके ये इलेक्शन जीते थे। भजनलाल का नाम लेने से पहले रेखा बंसीलाल भी बोल रही थी, लेकिन वह बीच में ही रुक गई। कुलदीप बिश्नोई ने पहले क्या कहा था… औकात से ज्यादा मिला, पद की गरिमा नहीं रखी अमेरिका से वीडियो जारी कर कुलदीप ने कहा- रेखा शर्मा का बयान भूल नहीं, उनकी सोच बताती है। इन जैसी नौसिसियों को ये नहीं पता कि इतिहास पढ़ना आसान है, लेकिन रचने के लिए खून पसीना एक करना पड़ता है। जिसे औकात से ज्यादा मिल जाए तो बहुत कम लोग उसे पचा पाते हैं। रेखा का भी यही हाल है। राज्यसभा के पद की गरिमा तो रख लेते। बड़ौली को भाजपा ने पद थोपा या बनाया उन्होंने आगे कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने भी ऐसी ही बात कही। मैं इसकी निंदा करता हूं। एक ऐसा व्यक्ति जिसकी कुछ औकात नहीं, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष के रूप में बैठे हो, भाजपा ने आपको थोपा या बनाया। चौधरी भजनलाल जैसे सम्मानित व्यक्ति के पीछे जी लगाना जरूरी नहीं समझा। दो बार सरकार बनाने में मेरा योगदान कुलदीप ने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि अगर भाजपा सरकार बनी, तो वह कुलदीप की वजह से। तीन में से दो बार सरकार बनाने में मेरा योगदान है। पहले भाजपा को कोई नहीं जानता था। मेरे गठबंधन की वजह से सरकार बनी। अगर ऐसा ही घमंड रहा, तो चौथी बार सरकार नहीं बनेगी। मुझे मजबूर मत कीजिए कि मैं आपको अर्श से फर्श पर लेकर आ जाऊं। मैं पुराना बब्बर शेर हूं, हाथ नहीं लगा पाओगे उन्होंने कहा कि मैं भाजपा का एक अनुशासित सिपाही हूं, इसलिए पार्टी को चुनौती देता हूं कि रेखा शर्मा से माफी मंगवाएं और मोहन लाल बड़ौली को कहे कि चौधरी भजनलाल का नाम सम्मान से लें। नहीं तो ये मामला यहां तक सिमित नहीं रहेगा। मैं वही पुराना बब्बर शेर हूं। आप उसके नजदीक जरूर जा सकते हैं, लेकिन हाथ लगाने की हिम्मत नहीं है।
कुलदीप बिश्नोई को नोटिस जारी नहीं करेगी BJP:पूर्व सीएम मनोहर लाल ने किया हस्तक्षेप, बड़ौली बोले- अभी विदेश में कुलदीप
