शिवराज की हत्या के दबाव का आरोप…पूर्व विधायक पर FIR:VIDEO में किसान का दावा—रिवॉल्वर देकर कहा मारो; ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

Spread the love

मध्यप्रदेश के विदिशा में बेहलोट गांव में एक किसान की आत्महत्या ने प्रदेश की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। किसान गोविंद गुर्जर ने सुसाइड से पहले वीडियो बनाया। इसमें पूर्व विधायक शशांक भार्गव पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और विधायक मुकेश टंडन की हत्या के लिए दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोमवार शाम करीब 4 बजे गोविंद ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी थी। हादसा इतना भीषण था कि शरीर के अंग अलग-अलग हो गए। आत्महत्या से पहले उसने पांच वीडियो रिकॉर्ड कर परिचितों और वाट्सएप ग्रुप्स में भेजे, जिनमें आरोपों का जिक्र किया। अब पढ़िए सुसाइड से पहले किसान ने चार वीडियो में क्या कहा था वीडियो-1: बटाई की खेती और पैसे नहीं देने का लगाया आरोप गोविंद सिंह गुर्जर ने बताया कि वह गांव बहरोड़ का रहने वाला है और पिछले तीन वर्षों (2023, 2024, 2025) से पूर्व विधायक शशांक भार्गव की जमीन बटाई पर लेकर खेती कर रहा था। उसने कर्ज लेकर धान और गेहूं की फसल लगाई थी। समझौते के अनुसार, आधी रकम धान की फसल पर और आधी गेहूं की फसल पर मिलनी थी। गोविंद के मुताबिक, फैक्ट्री में आग लगने के बाद भार्गव ने धान की पूरी रकम अपने पास रख ली और बाद में गेहूं के पैसे भी नहीं दिए। जब वह पैसे मांगने गया, तो उससे स्टांप पेपर लाने को कहा गया। गोविंद का कहना है कि वह पढ़ा-लिखा नहीं है, उससे कुछ लिखवाकर हस्ताक्षर करवा लिए गए और अगले दिन पैसे देने की बात कही गई। वीडियो-2: हत्या के लिए दबाव और मारपीट का आरोप गोविंद ने आरोप लगाते हुए कहा कि जब वह अगले दिन पैसे लेने पहुंचा, तो उसे रिवॉल्वर देकर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और विधायक मुकेश टंडन की हत्या करने का दबाव बनाया गया। गोविंद ने कहा कि उसने ऐसा करने से साफ इनकार कर दिया और बताया कि वह एक गरीब व्यक्ति है, जो अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। इसके बाद उस पर धमकी और दबाव बनाया गया। उसने आरोप लगाया कि बाबू, नारायण, जितेंद्र, दुर्गेश, बृजेश और राकेश नाम के लोगों के साथ मिलकर उसे कई बार मारा-पीटा गया और लगातार धमकाया गया। वीडियो-3: जान को खतरा बताते हुए न्याय दिलाने की अपील एक अन्य वीडियो में गोविंद ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मदद की गुहार लगाई। उसने कहा कि वह गरीब है और उसकी जान को खतरा है। उसने अपने साथ हो रहे अन्याय का जिक्र करते हुए न्याय दिलाने की मांग की। वीडियो-4: गुर्जर समाज का नेता बताकर परिवार के लिए न्याय की मांग गोविंद ने राजस्थान के कांग्रेस नेता सचिन पायलट से भी मदद मांगी। उसने कहा कि वे गुर्जर समाज के प्रमुख नेता माने जाते हैं, लेकिन अब तक उसके समर्थन में कोई सामने नहीं आया। उसने भावुक होकर कहा कि यदि उसके साथ कोई अनहोनी हो जाए, तो उसके परिवार को न्याय दिलाया जाए। SIT गठित, हर पहलू से जांच मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी रोहित कासवानी ने जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) गठित की है। पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है। वहीं सीएसपी अतुल सिंह के मुताबिक शुरुआती जांच में मृतक द्वारा लगाए गए प्रताड़ना के आरोपों के संकेत मिले हैं। इसी आधार पर पूर्व विधायक के खिलाफ BNS की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाने) में केस दर्ज किया गया है। कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए थे शशांक भार्गव विदिशा के पूर्व विधायक शशांक भार्गव 26 मार्च 2024 को कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। लंबे समय तक कांग्रेस से जुड़े रहने के बाद उनका यह कदम स्थानीय राजनीति में बड़ा बदलाव माना गया। भार्गव और भाजपा नेता मुकेश टंडन के बीच चुनावी मुकाबला सीधा रहा है। 2018 में कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर भार्गव ने टंडन को हराकर जीत दर्ज की थी। हालांकि 2023 के चुनाव में टंडन ने वापसी करते हुए उन्हें हरा दिया। इस तरह दोनों नेताओं के बीच एक-एक मुकाबले में जीत-हार रही।