हरियाणा के यमुनानगर में रविवार सुबह एक मोबाइल एक्सेसरीज की दुकान में भीषण आग लग गई। हादसे के दौरान दुकान में काम करने वाली एक युवती अंदर ही फंस गई, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उसकी मौत दम घुटने से हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। युवती का शव सिविल अस्पताल में रखवाया गया है। परिवार ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया है। युवती के परिजनों ने दुकान मालिक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आग लगने के बाद अन्य कर्मचारी वहां से भाग गए और किसी ने युवती की मदद नहीं की। अब उन पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। पहले जानिए दुकानदार ने क्या बताया…. दुकान में अकेली थी शालिनी मृतका की पहचान हमीदा निवासी शालिनी (28) के रूप में हुई है। शास्त्री कॉलोनी निवासी रमनदीप सिंह ने बताया कि उनकी कॉलोनी में ‘रमनदीप इंटरप्राइजेज’ के नाम से मोबाइल एक्सेसरीज़ की दुकान है। रविवार सुबह दुकान खुली हुई थी और उसमें काम करने वाली शालिनी अंदर मौजूद थी। सुबह साढ़े 10 बजे आग लगी सुबह करीब साढ़े 10 बजे दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान में ज्वलनशील मोबाइल एक्सेसरीज़ का स्टॉक होने के कारण आग तेजी से फैल गई और शालिनी अंदर ही फंस गई। आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया और तुरंत पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। लाखों रुपए का सामान जला रमनदीप ने आगे बताया कि काफी प्रयास के बाद जब आग कुछ हद तक नियंत्रित हुई, तो शालिनी को बाहर निकाला गया, लेकिन वह बेसुध अवस्था में थी। उसे तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। दुकान में भारी मात्रा में सामान भरा हुआ था, जिससे लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है। एक साल से काम कर रही थी उन्होंने बताया कि शालिनी पिछले करीब एक साल से उनकी दुकान पर काम कर रही थी और दुकान में कंप्यूटर का कार्य संभालती थी। शालिनी के परिवार में उसकी मां ही एकमात्र सदस्य है। अब जानिए परिवार ने क्या आरोप लगाए… मां के साथ रहती थी, पिता का निधन हो चुका शालिनी के परिवार की सदस्य एकता ने बताया कि वे बचपन से शालिनी के परिवार को जानते हैं। शालिनी अपनी मां सुनील के साथ रहती थी और उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। उनका आरोप है कि दुकान में काम करने वाले अन्य कर्मचारियों ने उसे समय रहते बाहर निकलने के लिए नहीं बताया, जबकि बाकी लोग वहां से निकल गए। समझौते का दबाव बनाया जा रहा उन्होंने कहा कि किसी ने शालिनी को बचाने की कोशिश नहीं की। परिवार की मांग है कि मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। एकता ने यह भी आरोप लगाया कि अब शालिनी की मां पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शालिनी की मां अब अकेली रह गई है और बेसुध हालत में है। भाई के साथ गलत व्यवहार किया एकता के अनुसार, हमारे पास साढ़े बजे फोन कर बताया कि ऐसी-ऐसी बात हो गई है। जब उनका भाई बात करने गया तो वहां मौजूद कुछ लोगों ने उस पर यह कहते हुए हमला करने की कोशिश की कि उसने शराब पी रखी है। थाना प्रभारी बोले- जांच कर रहे सिटी थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में मौत का कारण दम घुटना बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस आग लगने के कारणों की भी जांच कर रही है।
मोबाइल शॉप में आग, युवती की मौत:यमुनानगर में परिवार का आरोप- दूसरे कर्मचारी अकेली छोड़कर भागे, अब समझौते का दबाव बना रहे
