पानीपत के अतोलापुर गांव में देर रात लघुशंका करने गए एक युवक को सांप ने डंस लिया। हैरान करने वाली बात यह रही कि डंसने के बाद भी सांप युवक के हाथ से लिपटा रहा। फिलहाल, युवक का इलाज पानीपत के सामान्य अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। अस्पताल में उपचाराधीन सुभाष ने बताया कि वह देर रात वॉशरूम गया था। जैसे ही वह सीट पर बैठा, गेट के पीछे छिपे एक सांप ने अचानक हमला कर दिया और उसके हाथ से लिपट गया। सुभाष ने जब सांप को हाथ से झटक कर छुड़ाने की कोशिश की, तो सांप ने उसे डंस लिया। सुभाष ने बताया कि डंसने के बाद भी सांप उसके हाथ पर ही लिपटा रहा। सुभाष तुरंत उसी हालत में बाहर भागा और अपने साथियों की मदद से सांप को हाथ से अलग करवाया। झाड़-फूंक ने बढ़ाई मुश्किल सांप के काटने के बाद परिजनों ने समझदारी दिखाने के बजाय अंधविश्वास का सहारा लिया। वे सुभाष को तत्काल किसी अस्पताल ले जाने के बजाय सांप का जहर उतरवाने के लिए सपेरों और झाड़-फूंक करने वालों के पास ले गए। इस दौरान काफी समय बर्बाद हो गया और सुभाष के शरीर में जहर फैलने लगा, जिससे उसकी तबीयत और ज्यादा खराब हो गई। जब हालत बेकाबू होने लगी, तब परिजन उसे लेकर पानीपत के सामान्य अस्पताल पहुंचे। डॉक्टर बोले- गर्मी में बढ़ जाता है खतरा सिविल अस्पताल के डॉक्टर हितेश ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित का इलाज जारी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इन दिनों गर्मी अधिक होने के कारण सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ गई हैं, जिससे सांप के काटने के मरीज अधिक आ रहे हैं। अस्पताल प्रशासन की अपील डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि सांप के काटने पर समय बर्बाद न करें। झाड़-फूंक या सपेरों के चक्कर में पड़ना जानलेवा साबित हो सकता है। जैसे ही ऐसी कोई घटना हो, मरीज को बिना देरी किए नजदीकी अस्पताल ले जाएं ताकि उसे एंटी वेनम इंजेक्शन दिया जा सके।
पानीपत में वॉशरूम में बैठते ही हाथ से लिपटा सांप:छुड़ाने की कोशिश की तो डंसा, झाड़-फूंक के चक्कर में युवक की तबीयत बिगड़ी
