हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने एक जागरण में कहा कि मासूम शर्मा का हृदय परिवर्तन हो गया है। उन्होंने कहा कि लोग कहते हैं मासूम अलग तरह के गाने गाता है, लेकिन अब वह भी खाटू श्याम का हो गया है। उसे भी बाबा पर उतना ही भरोसा है, जितना पहले मुझे था। गौरव गौतम ने यह बात 24 अप्रैल की रात पलवल के हुडा ग्राउंड में आयोजित खाटू श्याम के जागरण में कही। इस कार्यक्रम में मशहूर भजन सिंगर कन्हैया मित्तल भी पहुंचे थे। अब इस कार्यक्रम का वीडियो सामने आया है। जागरण में मासूम शर्मा ने कई भजन गाए। इस दौरान उन्होंने कहा- मैं कई विधायकों और मंत्रियों के साथ रहा हूं, लेकिन लोगों से दो बातें कहना चाहता हूं—एक, गौरव को याद रखना और दूसरा, सनातन को याद रखना। अब जानिए मंत्री गौरव गौतम ने जागरण में क्या कहा… भेड़िए वेशभूषा बदलकर नजर रख रहे मंत्री गौरव गौतम ने जागरण में लोगों को संबोधित करते हुए कहा, “कुछ भेड़िए अपनी वेशभूषा बदलकर हमारी बहन-बेटियों पर नजर रख रहे हैं। ऐसे भेड़ियों की पहचान करें, जो हमारे धर्म के खिलाफ हैं। हम किसी धर्म के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन अगर कोई हमारे धर्म के खिलाफ बोलेगा, तो उसे मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।” हम अपने ही धर्म की बात करेंगे उन्होंने कहा, “लोग हमें कहते हैं कि हम धर्म के नाम पर लड़ाते हैं। अगर हम अपने धर्म की बात नहीं करेंगे, तो किसके धर्म की बात करेंगे? 1947 में हमने वहां के लोगों को वहां और यहां के यहां छोड़ दिया था, लेकिन कोई बात नहीं, हमें एकजुट रहना है।” बाबा श्याम के जागरण को कोई नहीं रोक पाएगा मंत्री ने आगे कहा, “यही वह सनातन धर्म है, जिसने सभी को साथ रहना सिखाया है। हमें अपने धर्म पर गर्व है। भजन गायक कन्हैया मित्तल पूरे देश में सनातन धर्म को लेकर अलख जगाने का काम कर रहे हैं। मैं ज्यादा कुछ नहीं कहूंगा, लेकिन एक बात जरूर कहूंगा- कोई कितना भी आरोप लगा ले, बाबा श्याम के जागरण को रोक नहीं पाएगा। चिंता की कोई बात नहीं है, वह मामला हवा-हवाई है।” गौरव गौतम पर जागरण में वोट मांगने के आरोप अक्टूबर 2024 में हरियाणा में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान गौरव गौतम पर खाटू श्याम के जागरण में धर्म के नाम पर वोट मांगने के आरोप लगे थे। उस समय पलवल से कांग्रेस के उम्मीदवार और पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल ने उनके खिलाफ पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। दलाल ने अपनी याचिका में आरोप लगाया था कि गौतम ने चुनावी समर्थन हासिल करने के लिए अपने अभियान को धार्मिक भावनाओं से जोड़ा और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित कर वोट मांगे। सुप्रीम कोर्ट में 28 अप्रैल को होगी सुनवाई हाईकोर्ट ने दलाल की याचिका को स्वीकार कर ली। कोर्ट ने गौरव गौतम को 14 दिसंबर 2024 को नोटिस भेजा था। जिसके बाद मामला कोर्ट में चल रहा था। लेकिन नवंबर 2025 में हाईकोर्ट ने गौरव गौतम की दलील खारिज कर दी थी, जिसके बाद यह मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया। अब इस केस पर सुनवाई 28 अप्रैल को होनी है। इन्फोग्राफिक्स में गौरव गौतम और करण दलाल के बारे में जानिए….
हरियाणा के मंत्री बोले- मासूम शर्मा का हृदय परिवर्तन हुआ:लोग कहते हैं कि दूसरी तरह के गाने गाता है, लेकिन अब खाटूश्याम का हुआ
