हरियाणा निकाय चुनाव, BJP का मेयर प्रत्याशियों पर मंथन पूरा:आज घोषणा; दिल्ली में देर रात तक बैठक, चुनाव रणनीति-प्रबंधन पर विचार-विमर्श

Spread the love

हरियाणा नगर निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने मेयर और चेयरमैन प्रत्याशियों के नामों पर अंतिम दौर का मंथन पूरा कर लिया है। रविवार देर रात तक दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में चली चुनाव समिति की बैठक में विभिन्न नगर निकायों के लिए संभावित उम्मीदवारों पर गहन चर्चा की गई। संभावना जताई जा रही है कि पार्टी सोमवार को प्रत्याशियों के नामों की आधिकारिक घोषणा कर सकती है।
बैठक में सोनीपत, पंचकूला और अंबाला नगर निगम के मेयर पद के साथ-साथ रेवाड़ी नगर परिषद के चेयरमैन और पार्षद पदों के चुनाव को लेकर रणनीति तय की गई। इसके अलावा धारूहेड़ा, उकलाना और सांपला नगर पालिकाओं में भी चेयरमैन पद के उम्मीदवारों पर विचार-विमर्श किया गया। पार्टी ने इन सभी निकायों में चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ने का निर्णय लिया है। फीडबैक रिपोर्ट से तय हुए नाम सूत्रों के अनुसार, बैठक में प्रत्येक नगर निकाय की राजनीतिक स्थिति, स्थानीय समीकरण और संभावित जीत-हार के आकलन पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रभारी नेताओं ने अपनी-अपनी तैयारियों और जमीनी फीडबैक की रिपोर्ट पेश की, जिस पर वरिष्ठ नेताओं ने गहन मंथन किया।
बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जनता के बीच प्रमुख मुद्दा बनाकर चुनाव लड़ेगी।

बूथ मैनेजमेंट पर फोकस इसके साथ ही बैठक में चुनावी रणनीति, बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि स्थानीय स्तर पर संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से ही नगर निकाय चुनाव में जीत सुनिश्चित की जा सकेगी।