रांची से बुधवार को संदिग्ध ISIS आतंकवादी अजहर दानिश को गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल, झारखंड ATS और रांची पुलिस ने रांची के इस्लामनगर इलाके में ये कार्रवाई की है। टीम ने यहां के तबरक लॉज से संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। बीते करीब डेढ़ वर्षों से दानिश रांची के इस लॉज में रह रहा था( वह 14 जनवरी 2024 को लॉज में रहने आया था। अजहर के खिलाफ दिल्ली में एक मामला दर्ज था। इसके आधार पर दिल्ली स्पेशल सेल उसकी तलाश कर रही थी। उससे पूछताछ की जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक अब उसे दिल्ली ले जाया जाएगा। लॉज से कई चीजें टीम ने किए जब्त छापेमारी के दौरान दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल को लॉज के कमरे में कई आपत्तिजनक चीजें मिली हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार टीम ने कमरे से कुछ केमिकल, आपत्तिजनक दस्तावेज और नक्शे आदि बरामद किए गए हैं। झारखंड एटीएस के एसपी ऋषभ झा के मुताबिक दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल को मिले इनपुट पर यह रेड की गई है। जो भी दस्तावेज बरामद हुई है, जांच के बाद उसके बारे में जानकारी दी जाएगी। लॉज के रजिस्टर में पेटरवार का पता जांच के दौरान टीम ने पाया कि कमरा लेने से पहले अजहर ने एक बुकिंग फॉर्म भरा। इस फॉर्म में उसने अपना पता बोकारो के पेटरवार का दिया है। दानिश ने अपना आधार नंबर के साथ-साथ अपना मोबाइल नंबर भी दर्ज करवाया था। दिए गए पता के मुताबिक दानिश के पिता का नाम मजरुल हसन है। अब यह पता सही है या नहीं इसकी जांच की जा रही है। लगातार निगरानी और खुफिया इनपुट के बाद आखिरकार रांची में उसे दबोचने में सफलता मिली। पलामू में भी छापेमारी, एक हिरासत में टीम ने पलामू में भी छापेमारी की है। जपला के मुस्लिम नगर के रहने वाले मुन्ना चूड़ीहारा को हिरासत में लिया। टीम ने उससे लगभग 12 घंटे पूछताछ की। सुरक्षा एजेंसियां यह जानने की कोशिश की कि क्या वह भी अजहर दानिश के नेटवर्क से जुड़ा हुआ है या नहीं। पूछताछ से कई अहम कड़ियां जुड़ने की उम्मीद जताई गई थी। पूछताछ के दौरान कई अन्य सवाल जवाब किए गए। इसके बाद टीम ने उसे छोड़ दिया। सुरक्षा एजेंसियां हुईं सतर्क SISI से जुड़े मामलों में अब तक झारखंड के कई जिलों से संदिग्ध पकड़े जा चुके हैं। इस ताजा गिरफ्तारी ने एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और झारखंड ATS मिलकर इस मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।
रांची से ISIS का संदिग्ध गिरफ्तार:दिल्ली पुलिस और ATS की संयुक्त कार्रवाई, पलामू में युवक से की पूछताछ, फिर छोड़ा
