अपशब्द बोलने पर गायक मासूम को महिला आयोग ने किया तलब

Spread the love

देहरादून के एक कॉलेज शो में गायक गायक मासूम शर्मा की ओर से कथित अपशब्द बोलने का मामला तूल पकड़ गया है। इस पर संज्ञान लेते हुए हरियाणा महिला आयोग ने उन्हें 18 अप्रैल को पंचकूला स्थित कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए तलब किया है। वहीं, देहरादून पुलिस ने भी नोटिस जारी कर 15 दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। मासूम शर्मा के अनुसार, इस विवाद की जड़ वे धमकियां हैं, जो उन्हें और उनके परिवार को शो से ठीक पहले मिली थीं। बताया जा रहा है कि 10 अप्रैल की रात जब मासूम शर्मा देहरादून के एक होटल में रुके थे, तब उनके चचेरे भाई के पास विदेश से एक धमकी भरा फोन आया। फोन करने वाले ने शो रद्द न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी थी। परिवार को भी नुकसान पहुंचाने बात कही। गायक का दावा है कि कुछ संदिग्ध लोग लगातार उनका पीछा कर रहे थे, जिसके कारण वे भारी मानसिक तनाव में थे। कॉलेज में कार्यक्रम के दौरान मासूम शर्मा ने कथित तौर पर मंच से अभद्र भाषा का प्रयोग किया। उन्होंने वहां मौजूद भीड़ के सामने कहा, एक बदमाश उन्हें डराने की कोशिश कर रहा है। हालांकि, स्थिति को भांपते हुए उन्होंने बाद में दर्शकों से माफी भी मांग ली थी। गायक ने कहा कि वे जल्द ही इस मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराएंगे और सबूत के तौर पर सीसीटीवी फुटेज भी सौंपेंगे।