गुरुग्राम में अशोक विहार फेज-3 इलाके में दिनदहाड़े एक महिला की गले से सोने की चेन झपट ली। इस दौरान महिला और उनकी नातिन जमीन पर गिर गईं। महिला ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम पर दी। घटना के कई दिन बाद स्चेनिंग की इस वारदात का सीसीटीवी सामने आया है। हालांकि अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित परिवार में रोष है। पीड़िता सुधा मिश्रा ने बताया कि, वह अपनी समधन पुष्प मिश्रा के साथ स्कूल में अपनी नातिन को लेने गई थी। दोपहर करीब सवा बजे वे बच्चों को लेकर आ रहे थे। जब वह मकान नंबर-41 A और B के बीच पहुंचीं, तो पीछे से एक अज्ञात बाइक सवार आया और उनके गले में पहनी लगभग 20 ग्राम वजन की सोने की चेन को झपट्टा मारकर छीनकर भाग गया। महिला और नातिन गिर गई उन्होंने बताया कि, हम आरोपी की बाइक का नंबर या चेहरा नहीं देख पाए, क्योंकि आरोपी ने हेलमेट पहन रखा था। हम दोनों गिर गए और काफी डर गए। घटना के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। उन्हें अब अकेले घर से बाहर निकलने में डर महसूस हो रहा है। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सीसीटीवी में कैद हुई घटना इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें आरोपी युवक बाइक पर आता दिख रहा है। वह महिला के गले में चेन देखकर बाइक मोड़ता है और फिर पीछे से आकर झपट्टा मारता है और चेन तोड़ लेता है। इसके बाद जब महिला और उसकी नातिन गिर जाती है तो वह फरार हो जाता है। पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग लोगों ने कहा कि अशोक विहार इलाके में दिन के समय भी ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। निवासियों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी निगरानी सख्त करने की मांग की है। पुलिस मौके पर पहुंची जांच अधिकारी जितेंद्र के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-5 पुलिस मौके पर पहुंची और मौका निरीक्षण किया। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर स्नैचिंग की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन शुरू कर दी गई है।
गुरुग्राम में दिनदहाड़े महिला की चेन तोड़ी VIDEO:महिला और नातिन जमीन पर गिरी, बाइक पर सवार होकर आया युवक, हेलमेट पहना
