पति को आंखों के सामने बॉयफ्रेंड से गोली मरवाई:3 साल की बेटी के सामने तड़पता रहा पिता; जीजा के भाई को मैसेज कर बुलाया था

Spread the love

तारीख 9 अप्रैल। वक्त रात 8:30 बजे। जगह भिंड जिले का अटेर थाना क्षेत्र। चंबल के बीहड़ों से घिरा सुनसान रास्ता था। यहां पत्नी ने बॉयफ्रेंड (जीजा का भाई) को मैसेज कर बुलाया। पर्स गिराकर बाइक रुकवाई। पीछे से आए शूटरों ने 12-बोर की अवैध देसी कट्टा से गोली चलाई। वारदात के दौरान 3 साल की बेटी मां के साथ खड़ी सब देखती रही। उसे समझ नहीं आया कि उसके सामने पिता को क्यों मारा जा रहा है। घटना के बाद पत्नी ने इसे लूटपाट बताकर कहानी गढ़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस जांच में सच्चाई सामने आ गई। वारदात से जुड़ी ये तस्वीरें देखिए… भिंड से गांव लौट रहा था परिवार एसपी असित यादव के मुताबिक, नीलेश जाटव पत्नी रूबी और तीन साल की बेटी के साथ भिंड से गांव खिरिका लौट रहा था। जैसे ही वे अटेर थाना क्षेत्र के रमटा गांव के पास चंबल के बीहड़ इलाके में पहुंचे। भिंड से निकलते ही रूबी ने प्रेमी विशाल जाटव को मैसेज कर लोकेशन और समय की जानकारी दी थी। उसने रमटा गांव के पास मिलने का इशारा किया, ताकि सुनसान इलाके में वारदात हो सके। साजिश के तहत पर्स गिराकर गाड़ी रुकवाई रास्ते में रूबी ने साजिश के तहत पर्स सड़क पर गिराया। पति से उसे उठाने के लिए बाइक रुकवाई। जैसे ही नीलेश उतरा, वह बेटी को लेकर किनारे हट गई। यह हमले का तय संकेत था। पुलिस के मुताबिक, नीलेश जाटव को पीछे से गोली मारी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, अभी तक स्पष्ट नहीं है कि कितनी गोलियां चलाई गईं। हमले में पिस्टल या कट्टे का इस्तेमाल हुआ। पुलिस इसकी जांच कर रही है। पत्नी ने क्यों कराई हत्या जांच में सामने आया कि रूबी का जीजा के छोटे भाई विशाल जाटव से शादी से पहले से प्रेम संबंध था। शादी के बाद भी दोनों संपर्क में रहे। नीलेश को इसकी जानकारी हो गई थी। वह विरोध करता था। मर्डर कराकर प्रेमी से शादी करना चाहती थी। पुलिस के अनुसार, तनाव और प्रेम संबंध के चलते रूबी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। वारदात के बाद उसने परिजन और रिश्तेदारों को बताया कि अज्ञात बदमाशों ने लूट के इरादे से हमला कर पति की हत्या की। अंतिम संस्कार में भी शामिल हुआ था शूटर मौके पर पहुंचे रिश्तेदारों के बीच शूटर प्रेमी विशाल भी मौजूद रहा। मर्डर स्पॉट में दुख जताने से लेकर अंतिम संस्कार तक में शामिल हुआ, ताकि किसी को संदेह नहीं हुआ। मर्डर केस में उसका नाम न आए। रूबी के मोबाइल से खुला मर्डर का राज पुलिस को महिला के बयान पर शक हुआ, क्योंकि बदमाशों ने बिना लूटपाट किए वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद पुलिस ने रूबी का मोबाइल खंगाला, जिसमें घटना से कुछ मिनट पहले विशाल से बातचीत के साक्ष्य मिले। कॉल डिटेल रिकॉर्ड में भी दोनों के बीच संपर्क पाया गया, जिससे संदेह और गहरा हो गया। लोकेशन ट्रेस और पूछताछ में खुलासा जब पुलिस ने विशाल जाटव की लोकेशन ट्रेस की, तो वह घटना स्थल के आसपास पाई गई। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने साजिश कबूल कर ली। इसके बाद रूबी से सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने भी प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की योजना स्वीकार कर ली। कोर्ट ने आरोपियों को जेल भेजा, तीसरे की तलाश जारी एसपी असित यादव ने बताया- मास्टरमाइंड रूबी और उसके बॉयफ्रेंड विशाल जाटव को गिरफ्तार कर लिया गया है। कोर्ट ने आरोपियों को जेल भेज दिया है। फिलहाल तीसरे आरोपी राजेश कुशवाहा की तलाश जारी है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल हथियार और साजिश की अन्य कड़ियों को जोड़ा जा रहा है। ……………………………… यह खबर भी पढ़ें राजगढ़ में गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड ने एक ही फंदे से लगाई फांसी मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में जंगल में महुए के पेड़ पर युवक-युवती ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। दोनों के शव एक ही रस्सी के दो फंदों पर लटके मिले। युवक ने सुसाइड से पहले युवती के साथ किस करते कुछ तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट की थी। मामला भोजपुर थाना क्षेत्र के ढाबली खुर्द गांव का है। पढ़ें पूरी खबर…