चंडीगढ़-फतेहाबाद रूट पर रोडवेज बस का डीजल खत्म:सवारियों ने लगाया धक्का; आधे घंटे तक पंप पर झगड़ते रहे कंडक्टर-ड्राइवर

Spread the love

हरियाणा रोडवेज में किलोमीटर स्कीम के तहत बस चला रहे ड्राइवर की बड़ी लापरवाही सामने आई है। चंडीगढ़ से फतेहाबाद आ रही बस का बीच रास्ते कैथल जिले में कलायत के गांव बाता के पास डीजल खत्म हो गया। ड्राइवर ने बस पेट्राेल-पंप की तरफ दौड़ाई। मगर बस पंप से कुछ दूरी पर बंद हो गई और आगे नहीं चली। फिर सवारियों ने धक्के लगाकर बस को पंप पर पहुंचाया। वहां भी ड्राइवर-कंडक्टर आधे घंटे तक रुपए देने के नाम पर झगड़ते रहे। आखिरकार कई सवारियों द्वारा समझाने पर कंडक्टर रुपए देने को राजी हुआ। इसके बाद तीन हजार रुपए का डीजल डलवा कर बस को फतेहाबाद के लिए लेकर रवाना हुए, तब जाकर बस में सवार करीब 60 यात्रियों ने राहत की सांस ली। पेट्रोल पंप पर बस रोके रखने की वीडियो सामने आई है। इसके बाद मामला फतेहाबाद में रोडवेज अधिकारियों के संज्ञान में भी पहुंचा है। इसके बाद अधिकारियों ने मामले की रिपोर्ट मांगी है। जानिए…क्या है पूरा मामला 30 मिनट से लेकर डेढ़ घंटे तक लेट हुए यात्री इस बस में सवार यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में 30-40 मिनट से लेकर डेढ़ घंटे से ज्यादा तक की देरी हुई। यात्रियों ने ड्राइवर-कंडक्टर की इस हरकत पर काफी नाराजगी जाहिर की। सवारियों का कहना है कि बस में डीजल पर्याप्त है या नहीं, इसकी जांच करना ड्राइवर का काम है। ऐसे में कंडक्टर से भी ज्यादा लापरवाही ड्राइवर की नजर आ रही है। 270 किमी फतेहाबाद से चंडीगढ़ की दूरी रोडवेज अधिकारियों के अनुसार, फतेहाबाद से चंडीगढ़ की दूरी करीब 270 किलोमीटर है। इस दूरी को तय करने में रोडवेज बसों में 5 से 6 घंटे लगते हैं। सुबह के समय ट्रैफिक कम होने के कारण रोडवेज बसें थोड़ी जल्दी पहुंच जाती हैं, जबकि दिन में ट्रैफिक बढ़ने के कारण देरी की संभावना रहती है। मीडिया के जरिए मिली जानकारी- टीएम इस संबंध में फतेहाबाद रोडवेज डिपो के ट्रैफिक मैनेजर सुरेंद्र सिंह का कहना है कि उन्हें मीडिया के माध्यम से ही मामले की जानकारी मिली है। किस स्तर पर क्या लापरवाही बरती गई है, इसकी रिपोर्ट लेकर जांच करवाएंगे।