प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को बिहार के पूर्णिया से कोसी-सीमांचल क्षेत्र को नई वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात देंगे। यह ट्रेन पूर्णिया से सहरसा जंक्शन के रास्ते पटना के पाटलिपुत्रा तक चलेगी। वंदे भारत एक्सप्रेस पूर्णिया से शुरू होकर सहरसा जंक्शन, मानसी, खगड़िया और बरौनी होते हुए हाजीपुर होकर पाटलिपुत्र जंक्शन तक जाएगी। इस रूट पर पहली बार वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन होगा। इससे यात्रियों को तेज और आधुनिक रेल यात्रा का अनुभव मिलेगा। इसको लेकर रेलवे ने सारी तैयारियां शुरू कर दी है। रेलवे के अनुसार यह सेमी-हाई स्पीड ट्रेन आधुनिक सुविधाओं से लैस है। इसमें आरामदायक सीटें और बेहतर सुरक्षा प्रावधान हैं। इस ट्रेन से पूर्णिया, सहरसा, मधेपुरा, खगड़िया और आसपास के जिलों के यात्रियों को लाभ मिलेगा। फिलहाल टाइम टेबल जारी नहीं किया गया है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारी शुरू कोसी और सीमांचल के लोगों में इस घोषणा को लेकर उत्साह है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इससे राजधानी पटना तक की यात्रा आसान होगी। साथ ही क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। रेलवे प्रशासन ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी हैं। स्टेशन पर साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। सहरसा के न्यू कॉलोनी निवासी लक्ष्मीकांत झा ने कहा कि वंदे भारत से राजधानी पहुंचना सुविधाजनक होगा।
पूर्णिया-पटना रूट पर पहली वंदे भारत एक्सप्रेस:15 सितंबर को PM मोदी करेंगे फ्लैग ऑफ, सहरसा-मानसी होते हुए पटना तक चलेगी ट्रेन
